रायपुर। चक्रवाती तूफान फेंगल का असर कई राज्यों में पड़ रहा है. कई जगह बारिश और कोहरे को लेकर मौसम विभाग ने बताया है. छत्तीसगढ़ में भी फेंगल साइक्लोन का असर पड़ेगा. कुछ इलाकों में बारिश होगी. रायुपर मौसम केंद्र के मुताबिक तीन दिनों तक तूफान का असर प्रदेश में पड़ेगा।
छत्तीसगढ़ के मौसम में उतार चढ़ाव का दौर चल रहा है। कड़ाके की ठंड के बीच 30 नवंबर (शनिवार) से 2 दिसंबर तक बारिश की चेतावनी जारी की गई है। बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों में इसका ज्यादा असर रहेगा। बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम के असर से छत्तीसगढ़ में मौसम बदला रहेगा।
कल (शनिवार) को जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़, बिलाईगढ़, जांजगीर, गरियाबंद, महासमुंद, बस्तर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर और नारायणपुर जिले के एक दो स्थानों में बूंदाबांदी हो सकती है। वहीं 1 से 2 दिसंबर को बस्तर संभाग और सरगुजा संभाग के जिलों में बारिश के आसार हैं।
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान दुर्ग में 30.8 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है। वही सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 7.2 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम एक्सपर्ट का कहना है कि आगामी तीन दिनों तक प्रदेश में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी की संभावना है। हालांकि प्रदेश में भरपूर मात्रा में नमी के आगमन की वजह से ठंड बढ़ने लगी है।
फेंगल तूफान का असर: चक्रवाती तूफान फेंगल दक्षिण पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना हुआ है. इसके पश्चिम उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ने की संभावना है. चक्रवाती तूफान की वजह से छत्तीसगढ़ में नमी का प्रवेश हो रहा है. 30 नवंबर की दोपहर को उत्तरी तमिलनाडु तट को पार करने की संभावना जताई गई है।
30 नवंबर से अगले दो- तीन दिनों तक प्रदेश के एक दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. इसके साथ ही आगामी तीन दिनों तक प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक वृद्धि हो सकती है. प्रदेश के कुछ जिलों में सुबह के समय घना कोहरा भी रह सकता है।















