रायपुर। संचालनालय चिकित्सा शिक्षा पुराना नर्सेज हॉस्टल डीकेएस भवन परिसर रायपुर द्वारा साइबर सेल रायपुर को शिकायत पत्र प्रेषित किया गया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चिकित्सा शिक्षा विभाग का फर्जी ईमेल आईडी cghealthministry@gmail.com बनाकर एमबीबीएस सीटों के आवंटन एवं OVERSEAT SCHOLARSHIP हेतु रुपये 30000 शुल्क जमा करने के संबंध में छत्तीसगढ़ शासन के नाम से ईमेल छात्रों को भेजा जा रहा है। जबकि इस तरह की कोई प्रक्रिया शासन द्वारा नहीं की गई है। साइबर सेल की तकनीकी टीम द्वारा शिकायत पत्र में उल्लेखित तथ्यों व उक्त मेल आईडी की जांच एवं विश्लेषण करने पर मेल आईडी पूर्ण रूप से फर्जी होना पाया गया। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्वयं को सदोष लाभ तथा अन्य को सदोष हानि पहुंचाने के लिए कूट रचित दस्तावेज छल के प्रयोजन से प्रतिरूपित करना पाए जाने से अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध थाना गोल बाजार में अपराध क्रमांक 16/21 धारा 419, 467, 468, 471 भादवि का अपराध पंजीबद्ध किया गया।
उक्त घटना को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव द्वारा गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर त्वरित गिरफ्तार करने हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। जिस पर साइबर सेल की टीम द्वारा अज्ञात व्यक्ति द्वारा चिकित्सा शिक्षा विभाग की जांच की गई तथा मेल आईडी को बनाने वाले व्यक्ति को सफलता मिली आरोपी की पहचान ग्राम कोहरौद बरतोरी थाना बिल्हा, जिला बिलासपुर निवासी सूर्या रात्रे पिता बलराम रात्रे के रूप में की गई। जिस पर साइबर सेल की टीम बिलासपुर रवाना होकर आरोपी सूर्या रात्रे को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपी में द्वारा फर्जी ईमेल आईडी बनाना व रुपए की मांग करना स्वीकार किया गया।











