BREAKING

देश-दुनियाफीचर्डविविध

चेन्नई सुपरकिंग्स फिर बना चैंपियन, चौथी बार जीता आईपीएल का खिताब, KKR का सपना तोड़ा

नईदिल्ली (ए)। चेन्नई सुपरकिंग्स ने आईपीएल 2021 का खिताब जीत लिया है. टीम ने फाइनल में केकेआर  को 27 रन से हराया. सीएसके ने चौथी बार आईपीएल का खिताब जीता और सभी एमएस धोनी (MS Dhoni) की कप्तानी में. यह बतौर कप्तान धोनी का 300वां मैच था. इसके साथ टीम ने 2012 के आईपीएल फाइनल में केकेआर से मिली हार का बदला भी ले लिया. सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 3 विकेट पर 192 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में केकेआर की टीम 165 रन ही बना सकी. सीएसके के ओपनर बल्लेबाज फाफ डुप्लेसी ने 86 रन की शानदार पारी खेली।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर की टीम को भाग्य का साथ मिला. दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर एमएस धोनी ने वेंकटेश अय्यर का आसान कैच छाेड़ा. वे उस समय शून्य पर खेल रहे थे. गेंदबाज जोस हेजलवुड थे और टीम का स्कोर 6 रन था. इसके बाद गिल और अय्यर (50) ने पहले विकेट के लिए 10.4 ओवर में 91 रन जोड़कर केकेआर को शानदार शुरुआत दिलाई. अय्यर ने 32 गेंद का सामना किया. 5 चौके और 3 छक्के लगाए. अय्यर ने सीजन का चौथा अर्धशतक भी लगाया।

केकेआर का स्कोर एक समय बिना विकेट के 91 रन था. 11वें ओवर की चौथी गेंद पर शार्दुल ठाकुर ने पहले अय्यर और इसी ओवर की अंतिम गेंद पर नीतीश राणा (0) को आउट किया. इसके बाद अगले ओवर में हेजलवुड ने सुनील नरेन (2) को आउट कर केकेआर को तीसरा झटका दिया. टीम का स्कोर 97 रन था. नरेन इस बार कुछ कमाल नहीं कर सके।

गिल भी अर्धशतक लगाकर लौटे

ओपनर बल्लेबाज शुभमन गिल 51 रन बनाकर दीपक चाहर की गेंद पर आउट हुए. बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज रवींद्र जडेजा ने 15वें ओवर में पहले दिनेश कार्तिक (9) और फिर शाकिब अल हसन (0) को आउट करके केकेआर को बैकफुट पर धकेल दिया. राहुल त्रिपाठी भी सिर्फ 2 रन बनाकर शार्दुल की गेंद पर आउट हुए. कप्तान मॉर्गन भी कुछ खास नहीं कर सके और 4 रन बनाकर हेजलवुड की गेंद पर आउट हुए. मावी 20 रन बनाकर अंतिम ओवर में आउट हुए. टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 165 रन ही बना सकी. फग्युर्सन 18 रन बनाकर नाबाद रहे. शार्दुल ठाकुर ने सबसे अधिक 3 विकेट लिए।

पहले विकेट के लिए जोड़े 61 रन

इससे पहले टॉस हारकर पहले खेलने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स को ऋतुराज गायकवाड़ और फाफ डुप्लेसी ने अच्छी शुरुआत दिलाई. दोनों ने पहले विकेट के लिए 8.1 ओवर में 61 रन जोड़े. ऋतुराज 27 गेंद पर 32 रन बनाकर सुनील नरेन की गेंद पर आउट हुए. इसके बाद उतरे रॉबिन उथप्पा (31) ने तेज हाथ दिखाए. उन्होंने 15 गेंद का सामना किया और 3 छक्के जड़े. वे भी नरेन का शिकार हुए. उन्होंने दूसरे विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी की।

डुप्लेसी ने सीजन का छठा अर्धशतक लगाया

मैच में डुप्लेसी को 2 रन पर जीवनदान मिला. तीसरे ओवर की पहली गेंद पर दिनेश कार्तिक शाकिब की गेंद पर उनकी स्टंपिंग चूक गए थे. प्लेसिस 59 गेंद पर 86 रन बनाकर पारी की अंतिम गेंद पर आउट हुए. यह उनका सीजन का छठा अर्धशतक था. डुप्लेसी और ऋतुराज दोनों ने मौजूदा सीजन में 600 से अधिक रन बनाए. 7 चौके और 3 छक्के लगाए. मोईन अली 20 गेंद पर 37 रन बनाकर नाबाद रहे. उन्होंने 2 चौका और 3 छक्का लगाया. नरेन के अलावा शिवम मावी को एक विकेट मिला. लॉकी फग्युर्सन ने 4 ओवर में 56 रन दिए।

फाफ डू प्लेसिस और रुतुराज गायकवाड़ ने बनाया अनोखा रिकॉर्ड 
चेन्नई के ओपनर फाफ डू प्लेसिस और रुतुराज गायकवाड़ ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चेन्नई को तेज शुरुआत दिलाई. इस मैच में दोनों बल्लेबाजों ने साझेदारी का अनोखा रिकॉर्ड बना दिया. इस सीजन में दोनों बल्लेबाजों के बीच सबसे ज्यादा 756 रनों की साझेदारी हुई. यह आईपीएल इतिहास में एक सीजन में तीसरी सबसे बड़ी साझेदारी है.  आईपीएल 2016 में विराट कोहली और एबी डिविलियर्स ने 939 रनों की साझेदारी का रिकॉर्ड बनाया था. इसके बाद आईपीएल 2019 में डेविड वॉर्नर और जॉनी बेयरेस्टो ने 791 रनों की साझेदारी की थी।

धोनी का बतौर कप्तान यह 300वां टी20 मैच
चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super kings) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) -14 के फाइनल में उतरते ही इतिहास रच दिया. बतौर कप्तान धोनी का ये 300वां टी20 मैच था. इस मुकाम पर पहुंचने वाले वह दुनिया के पहले कप्तान बन गए हैं. धोनी के अलावा वेस्टइंडीज के डैरेन सैमी 200 से ज्यादा मैच में कप्तानी करने वाले एकमात्र खिलाड़ी हैं।

गायकवाड़ ने ऑरेंज कैप की अपने नाम
रुतुराज गायकवाड़ ने फाइनल मैच में 32 रन बनाए. इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए. गायकवाड़ ने आईपीएल 2021 में 635 रन बनाकर ऑरेंज कैप अपने नाम किया. गायकवाड़ ने इस सीजन में बेहतरीन बल्लेबाजी की और टीम के लिए सबसे अहम खिलाड़ी साबित हुए।

Related Posts