चुनाव आयोग अगले हफ्ते किसी भी दिन लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। फिलहाल आयोग आम चुनाव की तैयारियों का आकलन करने के लिए कई राज्यों के दौरे पर है। सभी राज्यों में तैयारियों का आकलन करने के बाद ही आयोग चुनाव की तारीखों की एलान करेगा…
नईदिल्ली (ए)। चुनाव आयोग आगामी लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का एलान 14-15 मार्च को कर सकता है। सूत्रों का कहना है कि 2019 के लोकसभा चुनावों की तर्ज पर ही इस बार भी सात चरण में ही चुनाव कराए जा सकते हैं। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में पहले चरण के लिए मतदान हो सकता है। चुनाव आयोग अगले हफ्ते किसी भी दिन लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा कर सकता है। फिलहाल आयोग आम चुनाव की तैयारियों का आकलन करने के लिए कई राज्यों के दौरे पर है। सभी राज्यों में तैयारियों का आकलन करने के बाद ही आयोग चुनाव की तारीखों की एलान करेगा।
आयोग के अफसर अभी पश्चिम बंगाल के दौरे पर हैं। इसके बाद टीम उत्तर प्रदेश और फिर जम्मू-कश्मीर का दौरा करेगी। ये टीम 13 मार्च तक अपना दौरा पूरा कर लेगी। इस बीच चुनाव आयोग राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों के साथ लगातार बैठक भी करेगा।
लोकसभा के साथ-साथ 2019 में अरुणाचल प्रदेश, आंध्र प्रदेश, सिक्किम और ओडिशा की विधानसभाओं के लिए भी चुनाव हुए थे। विधानसभा चुनाव के नतीजे भी लोकसभा के परिणाम के साथ घोषित किए गए थे।
2019 में लोकसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को हुआ था। पहले चरण में कुल 20 राज्यों के 91 लोकसभा या संसदीय क्षेत्रों में वोटिंग हुई थी। दूसरे चरण का मतदान 18 अप्रैल को हुआ था। इस दौरान 13 राज्यों की कुल 97 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ था। तीसरे चरण के लिए 23 अप्रैल को 14 राज्यों की कुल 115 सीटों पर वोटिंग हुई थी।
लोकसभा चुनाव 2019 के चुनाव में चौथे चरण का मतदान 29 अप्रैल को निर्धारित था। इस दौरान मतदाताओं ने 9 राज्यों के कुल 71 निर्वाचन क्षेत्रों में अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। वहीं, पांचवें चरण के लिए 6 मई को 7 राज्यों की 51 सीटों पर वोटिंग हुई, जबकि छठे चरण में 6 राज्यों की 59 सीटों के लिए 12 मई को वोटिंग हुई। सातवें और आखिरी चरण के लिए 2019 में 8 राज्यों की 59 सीटों पर 8 राज्यों में मतदान हुआ था।
















