BREAKING

Uncategorised

चिकित्सक भगवान के प्रतिरूप और मितानिनें जीवन बचाने वाली देवी- मुख्यमंत्री भूपेश बघेल

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ राज्य में मितानिनों एवं ग्रामीण स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा कोरोना संक्रमित लोगों के जीवन रक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की है । मुख्यमंत्री ने कहा है कि चिकित्सक को भगवान का दूसरा रूप कहा जाता है । राज्य में  कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर की रोकथाम और संक्रमित लोगों की जीवन रक्षा में राज्य की मितानिन बहनें देवी के रूप में काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सरगुजा और बिलासपुर संभाग के विभिन्न ब्लॉकों के ग्रामीण इलाको में कोरोना संक्रमण की स्थिति और संक्रमितों  के उपचार एवं उनके स्वास्थ्य के बारे में मितानिनों एवं ग्रामीण स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से चर्चा कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, मुख्यमंत्री के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आगे कहा कि आप सब की सेवा का ही परिणाम है कि राज्य में कोरोना संक्रमण  की रफ्तार थमने लगी है। कोरोना के गंभीर स्थिति वाले मरीजों की संख्या में कमी आई है और मरीजों की रिकवरी भी तेजी से होने लगी है। राज्य में अस्पताल, इलाज ,दवा ,ऑक्सीजन बेड , आईसीयू , वेंटीलेटर आदि को लेकर अब पहले जैसी स्थिति नहीं रही है । शहरों विशेषकर राजधानी रायपुर एवं बिलासपुर में कोरोना के गंभीर स्थिति वाले मरीजों का दबाव कम हुआ है । उन्होंने कहा कि कोरोना लक्षण  वाले मरीजों की पहचान कर उन्हें दवाओं का सेवन शुरू कराने से ही यह संभव हो सका है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि लक्षण वाले मरीजों को शुरुआती दौर में ही कोरोना किट में प्रदाय की गई दवाएं देने से बीमारी गंभीर रूप नहीं ले पाती है , न ही ऑक्सीजन लेवल कम होता है। उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की नौबत नहीं आती है । संक्रमित व्यक्ति यदि अपनी बीमारी छिपाता है और दवाई लेने में देरी करता है ,तो संक्रमण और बीमारी के बढ़ने का खतरा बढ़ जाता है । जब संक्रमण गंभीर रूप ले लेता है ,तो जीवन बचाना कठिन हो जाता है । मुख्यमंत्री ने मितानिनों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं से अपने- अपने गांव में लोगों के स्वास्थ्य पर निरंतर निगरानी रखने और उन्हें संक्रमण से बचने की समझाइश देने की भी बात कही। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि देश और दुनिया में कोरोना संक्रमण फैला हुआ है । देश के कई राज्यों और बड़े शहरों में हॉस्पिटल ,इलाज, दवा और ऑक्सीजन को लेकर मारामारी मची है। छत्तीसगढ़ राज्य वर्तमान समय  में इस स्थिति से बाहर आ चुका है। उन्होंने राज्य में कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे फ्रंटलाइन वारियर्स और मितानिनों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ राज्य जल्द ही इस महामारी को रोकने में कामयाब होगा।

Related Posts