नईदिल्ली (ए)। चाय के शौकीन लोगों को चाय पीने का बहाना चाहिए होता है। किसी को लगता है चाय पीने से वजन कम होता है तो कोई चाय को एनर्जी बूस्टर का नाम देता है। इतना ही नहीं कई लोग तो चिंता, तनाव और सिरदर्द जैसी स्थिति में भी चाय को टॉनिक के रूप में भी पीते हैं। चाय की इस लोकप्रियता को देखते हुए लोगों के बीच इसे लेकर कई तरह की अफवाहें भी फैली हुई हैं। आइए जानते हैं आखिर क्या हैं ये अफवाहें और इनसे जुड़े सच।
ग्रीन टी पीने से मोटापे से मिलेगी निजात- अक्सर लोगों को लगता है कि सिर्फ ग्रीन टी पीने से उनका मोटापा जल्दी दूर हो जाएगा। लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है। भले ही ग्रीन टी में मौजूद कैटेचिन मेटाबॉलिज्म को बढ़ाकर फैन बर्न करने में मदद करता है, लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि सिर्फ ग्रीन टी पीकर वजन कम किया जा सकता है। वजन कम करने के लिए व्यक्ति को रोजाना 2-3 कप ग्रीन टी पीने के साथ अपनी डाइट और एक्सरसाइज पर भी पूरा ध्यान देना चाहिए।
दूध वाली चाय सेहत के लिए नुकसानदेह- अकसर लोगों को लगता है कि दूध वाली चाय पीने से इसमें मौजूद सभी पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं। इतना ही नहीं दूध की चाय बाकी चाय की तुलना में सेहत को नुकसान भी पहुंचाती है। लेकिन यह सिर्फ एक मिथक है। चाय में दूध मिलाने से शरीर में कैल्शियम की पूर्ति होती है। दूध में मौजूद कैल्शियम से हड्डियां मजबूत बनती हैं। हालांकि दिन में 2 कप से ज्यादा चाय नहीं पीनी चाहिए।
कैफीन फ्री होती है हर्बल टी- ज्यादातर लोगों का मानना होता है कि हर्बल टी कैफीन फ्री होती है। इसे जड़ी-बूटियों, बीज, पौधों की छाल और फूलों से तैयार किया जाता है। लेकिन आपको बता दें कि सभी हर्बल टी कैफीन फ्री नहीं होती हैं। इसलिए हर्बल टी खरीदते समय उसका लेबल जरूर चेक करें।
चाय कभी एक्सपायर नहीं होती- अगर आपको भी यही लगता है कि चाय कभी एक्सपायर नहीं होती है और इसे सालों-साल इस्तेमाल किया जा सकता है। तो आपको अपनी सोच बदलने की जरूरत है। अधिकांश चीजों की ही तरह चाय की भी एक्सपायरी डेट होती है। चाय से तीखी गंध आने लगी है या सुंगध गायब हो गई है, तो समझ ले कि चाय एक्सपायर हो गई है।
ग्रीन टी ब्लैक टी से होती है बेहतर- अधिकांश लोगों को लगता है कि ग्रीन टी ब्लैक टी से बेहतर होती है। लेकिन आपको बता दें कि दोनों में लगभग एक ही जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। दोनों के बीच सिर्फ रंग का अंतर होता है।
खाना खाने के बाद चाय पीने से पच जाता है खाना- डॉक्टर्स की मानें तो खाना खाने से 1 घंटा पहले और 1 घंटे बाद तक चाय या कॉफी का सेवन नहीं करना चाहिए। चाय या कॉफी में मौजूद केमिकल टैनिन आयरन को सोखने की प्रक्रिया में बाधा डालता है और उसे 87 प्रतिशत तक घटा देता है जिससे पाचन में दिक्कत आ सकती है।
















