चलती ट्रेन में लूटपाट की घटना सामने आने के बाद रेलवे और जीआरपी में हड़कंप मच गया है। भुक्तभोगी यात्रियों ने बताया कि घटना सोमवार को भोर में करीब पांच बजे हुई। इरादतगंज से जसरा के बीच लूटपाट हुई। बदमाश अपने पास सांप लिए हुए थे और लोगों को डराकर पैसे छीन रहे थे। बदमाश शंकरगढ़ के पास चेन पुलिंग कर भाग निकले…
शंकरगढ़ (ए)। दानापुर से पुणे जा रही ट्रेन संख्या 2150 दानापुर पुणे एक्सप्रेस में घूरपुर थाना क्षेत्र के इरादतगंज व जसरा के बीच ट्रेन की जनरल बोगी में सोमवार सुबह साढ़े पांच के आसपास एक दर्जन यात्रियों से कुछ लोगों ने लूटपाट की। लूट-पाट करने के पश्चात बदमाश शंकरगढ़ रेलवे स्टेशन के पहले चेन पुलिंग कर फरार हो गए। वहीं घटना की जानकारी के बाद आरपीएफ जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
दानापुर पुणे एक्सप्रेस सोमवार सुबह 5:10 पर छिवकी स्टेशन पहुंची। 10 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हो गई। लिंक जंक्शन के पास गाड़ी धीमी होने पर जनरल बोगी में चार युवक चढ़ गए। ट्रेन जैसे ही गाड़ी इरादतगंज से जसरा के बीच पहुंची बदमाशों ने यात्रियों के साथ मारपीट करते उनसे लूटपाट शुरू कर दी। लगभग एक दर्जन यात्रियों से पैसे और सामान छीने गए। घटना को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश शंकरगढ़ स्टेशन से पहले चेन पुलिंग करके उतर गए।
भुक्तभोगी यात्रियों के मुताबिक बदमाश मारपीट करने के साथ ही यात्रियों को सांप दिखाकर उनके साथ लूटपाट कर रहे थे। यात्रियों ने इसकी सूचना रेलवे हेल्पलाइन नंबर पर दी। घटना की जानकारी पर हड़कंप मच गया। जनरल बोगी में यात्रा कर रहे मोहम्मद शाहिद पुत्र मोहम्मद इम्तियाज निवासी गाज़ीपुर बरेसर थाना ने बताया की युवक अपने पास सांप लिए हुए थे, और लोगों को सांप दिखाकर मरना पीटना शुरू कर दिया।















