चक्रवाती तूफान इस समय बंगाल की दक्षिण-पश्चिमी खाड़ी के ऊपर है और इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने, और तेज होने और सोमवार पूर्वाह्न तक दक्षिण आंध्र प्रदेश और आसपास के उत्तरी तमिलनाडु तटों से होते हुए पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने की संभावना है…
कोलकाता (ए)। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना चक्रवात मिचौंग और खतरनाक हो गया है। इसके मंगलवार पूर्वाह्न में 100 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार वाली हवाओं के साथ आंध्र प्रदेश के नेल्लोर और मछलीपट्टनम के बीच तट से टकराने की आशंका है। मौसम विभाग ने आंध्र, तमिलनाडु, केरल और ओडिशा के लिए चेतावनी जारी की है। समुद्र तटों से होकर गुजरने वाली 144 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
तमिलनाडु सरकार ने सोमवार को राज्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी से बात की है और केंद्र की तरह से हर मदद देने का भरोसा दिया है। मिचौंग के प्रभाव से आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा के बड़े इलाके में भारी बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
चक्रवाती तूफान इस समय बंगाल की दक्षिण-पश्चिमी खाड़ी के ऊपर है और इसके उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने, और तेज होने और सोमवार पूर्वाह्न तक दक्षिण आंध्र प्रदेश और आसपास के उत्तरी तमिलनाडु तटों से होते हुए पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंचने की संभावना है। इसके बाद, यह उत्तर की ओर लगभग समानांतर और दक्षिण आंध्र प्रदेश तट के करीब बढ़ेगा और गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में मंगलवार दोपहर से पहले तट से टकराएगा। इसको लेकर पीएम मोदी ने सीएम रेड्डी से बातचीत में चक्रवात से निपटने की तैयारियों का जायजा भी लिया। उन्होंने शीर्ष अधिकारियों को राज्य को हर संभव मदद सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है। चक्रवाती तूफान का असर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में देखने को मिल रहा है। कई जिलों में बादल छाएं हुए।
गुजरात में बेमौसम बरसात
गुजरात के भरूच जिले में भी रविवार सुबह से ही भारी बारिश हो रही है। इससे सड़कों पर पानी भर गया है और कई इलाकों में संचार व्यवस्था ठप हो गई है। सड़कों पर पानी भरने से यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है और लोगों को आने जाने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आंध्र प्रदेश और उसके निकटवर्ती उत्तरी तमिलनाडु के तटवर्ती इलाकों के लिए चक्रवात को लेकर चेतावनी जारी की है। इसमें भारी बारिश के साथ ही तेज हवा चलने का अंदेशा जताया है। मछुआरों से समुद्र में नहीं जाने की सलाह भी दी है। तमिलनाडु में चेन्नई, कुड्डालोर और एन्नोर बंदरगाह पर लोगों को सजग रहने के लिए संकेतक लगा दिए गए हैं।
एनडीआरएफ ने 15 लोगों को बचाया
राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीमों ने गंभीर जलजमाव के कारण तंबरम क्षेत्र से लगभग 15 लोगों को बचाया। चेन्नई जिले के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी है।















