BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

गोरखपुर और वाराणसी में पीएम मोदी का हुआ भव्य स्वागत, कहा- ‘अब जे भी बनारस आई, त खुश हो के ही जाई’

पीएम मोदी आज शनिवार 8 जुलाई को राजस्थान और तेलंगाना के दौरे पर रहेंगे. दोनों ही राज्यों में इस साल के आखिरी तक चुनाव होने वाले हैं…

वाराणसी (ए)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार 07 जुलाई को छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश के दौर पर रहे. उन्होंने इस दौरान यूपी के वाराणसी, गोरखपुर और रायपुर में कांग्रेस पर जमकर हमला किया. वहीं, कांग्रेस ने भी पलटवार किया है. पीएम मोदी शनिवार 8 जुलाई को तेलंगाना और राजस्थान का दौरा करेंगे।

पीएम मोदी ने वाराणसी में पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन दलों ने अतीत में भ्रष्ट और नाकाम सरकारें चलाईं, वे आज लाभार्थियों का नाम सुनकर तिलमिला जाते हैं. उन्होंने ये बात वाराणसी में 12,110 करोड़ रुपये लागत की 29 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए कही।

इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी सरकार में लाभार्थी वर्ग सच्चे सामाजिक न्याय और सेक्युलरिज्म का उदाहरण बन गया है. हम पूरी ताकत लगा रहे हैं कि हर योजना के आखिरी लाभार्थी को खोज कर और उस तक पहुंचकर योजना का लाभ पहुंचाएं।

अब जे भी बनारस आई, त खुश हो के ही जाई- पीएम मोदी: पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया में आपकी और काशी की वाहवाही हो रही है. मुझे पता है कि काशी के लोग सब संभाल लेंगे. आप लोगों ने काशी विश्वनाथ धाम और पूरे परिसर को भी इतना भव्य बना दिया है कि जो यहां आ रहा है, वो गदगद होकर जा रहा है. यह बाबा की कृपा है. पीएम मोदी ने कहा कि अब जे भी बनारस आई, त खुश हो के ही जाई. आज काशी सहित उत्तर प्रदेश को लगभग 12 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उपहार मिला है. हमने जो काशी की आत्मा को बनाए रखते हुए नूतन काया का संकल्प लिया है, यह उसका विस्तार है. इनमें रेल, रोड, पानी, शिक्षा, टूरिज्म से जुड़े प्रोजेक्ट्स हैं, घाटों से जुड़े प्रोजेक्ट्स हैं, इन विकास कार्यों के लिए आप सभी को बहुत-बहुत बधाई।

पीएम मोदी नए भारत के निर्माता हैं- सीएम योगी वाराणसी में सीएम योगी ने कहा कि पीएम मोदी नए भारत के निर्माता हैं. बनारस को उसका वैभवशाली स्वरुप वापस दिलाने में मोदी जी ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई है. बनारस के विकास के लिए पीएम मोदी सदैव तत्पर रहते हैं. बनारस आगमन पर में पूरी उत्तर प्रदेश सरकार की तरफ से मोदी जी का स्वागत करता हूँ।

पीएम मोदी ने 12,110 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का किया लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में 12,110 करोड़ रुपये की 29 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया. इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे।

मणिकर्णिका घाट के मॉडल का किया अवलोकन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वाराणसी में मणिकर्णिका घाट और अन्य घाट के मॉडल का अवलोकन किया. पीएम मोदी के काशी दौरे को लेकर सीएम योगी ने कहा कि भारत को दुनिया में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में एक नई पहचान व सम्मान मिल रहा है, विकास और विरासत की परम्परा की शुरूआत 2014 में प्रधानमंत्री ने काशी से किया. आज उसकी नई कड़ी को जोड़ने के लिए पीएम आज स्वयं काशी में आए हैं।

गीता प्रेस के जरिए पीएम मोदी का कांग्रेस पर निशाना पीएम मोदी ने गीता प्रेस के शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रेस किसी भी मंदिर से कम नहीं है. उन्होंने कहा, ”गीता प्रेस विश्व का ऐसा इकलौता प्रिंटिंग प्रेस है, जो सिर्फ एक संस्था नहीं है बल्कि, एक जीवंत आस्था है. गीता प्रेस का कार्यालय करोड़ों लोगों के लिए किसी भी मंदिर से जरा भी कम नहीं है.”

उन्होंने ये बात ऐसे समय बोली जब हाल ही में गीता प्रेस को गांधी शांति पुरस्कार 2021 प्रदान करने की घोषणा की गई थी. इस पर कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा था कि यह सावरकर और गोडसे को पुरस्कार देने जैसा है।

पीएम मोदी वाराणसी में क्या कुछ बोले? पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के इतने साल बाद लोकतंत्र का सही लाभ, अब सही मायने में सही लोगों तक पहुंचा है. वरना पहले लोकतंत्र के नाम पर गिने चुने लोगों के हित साधे जाते थे. गरीब की कोई पूछ नहीं थी। उन्होंने कहा कि मेरी प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान योजना के लाभार्थियों से बातचीत हुई. पहले की सरकारों से लोगों की सबसे बड़ी शिकायत यह थी कि वो योजनाएं वातानुकूलित कमरों में बैठकर बनाती थीं।

गोरखपुर में पीएम मोदी क्या बोले? पीएम मोदी ने गोरखपुर में कहा कि गीता प्रेस जैसी संस्‍था सिर्फ धर्म और कर्म से ही नहीं जुड़ी है, बल्कि इसका एक राष्ट्रीय चरित्र भी है. गीता प्रेस भारत को जोड़ती है, भारत की एकजुटता को सशक्त करती हैं. उन्होंने कहा, ‘‘इसके नाम में भी गीता है, इसके काम में भी गीता है. जहां गीता है वहां साक्षात कृष्ण हैं. जहां कृष्‍ण हैं वहां करूणा भी है, कर्म भी हैं।

उन्‍होंने कहा कि 1923 में गीता प्रेस के रूप में यहां जो आध्यात्मिक ज्योति प्रज्वलित हुई. आज उसका प्रकाश पूरी मानवता का मार्गदर्शन कर रहा है. हमारा सौभाग्य है कि हम सभी इस मानवीय मिशन की स्‍वर्ण शताब्‍दी के साक्षी बन रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि मुझे यह खुशी है कि आज यह पुरस्कार गीता प्रेस को मिला है. यह देश की ओर से गीता प्रेस का सम्मान है, इसके योगदान का सम्मान है. इसकी सौ वर्षों की विरासत का सम्मान है. इन सौ वर्षों में गीता प्रेस करोड़ों-करोड़ किताबें प्रकाशित कर चुकी है।

उन्होंने कहा कि मैंने लाल किले से कहा था कि यह समय गुलामी की मानसिकता से मुक्त होकर अपनी विरासत पर गर्व करने का समय है. इसलिए शुरुआत में भी मैंने कहा कि आज देश विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर चल रहा है।

हाल ही में पीएम मोदी की अध्यक्षता वाले एक निर्णायक मंडल ने गीता प्रेस को गांधी शांति पुरस्कार 2021 प्रदान करने की घोषणा की थी. केंद्र सरकार 1995 में स्थापित इस वार्षिक पुरस्कार के तहत एक करोड़ रुपये की नकद राशि, एक प्रशस्ति पत्र, एक पट्टिका औप एक उत्कृष्ट पारंपरिक हस्तकला या हथकरघा उत्पाद प्रदान किया जाता है।

Related Posts