BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

गृह मंत्री अमित शाह ने संगम में लगाई आस्था की डुबकी

प्रयागराज के महाकुंभ में गृह मंत्री अमित शाह ने गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती नदियों के संगम त्रिवेणी में पवित्र डुबकी लगाई. इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कई संत भी पवित्र स्नान के दौरान गृह मंत्री के साथ थे. संतों ने केंद्रीय मंत्री के ऊपर जल डालकर मंत्रोच्चारण के साथ स्नान करवाया…

 

प्रयागराज (ए)। प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को संगम में आस्था की डुबकी लगाई। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि और योग गुरु बाबा रामदेव ने भी इस स्नान में भाग लिया। स्नान के बाद अमित शाह ने लेटे हनुमान मंदिर में दर्शन और पूजन किया।

महाकुंभ में अमित शाह करीब पांच घंटे तक रहे और इस दौरान उन्होंने संगम पर स्नान के साथ-साथ श्रद्धालुओं और संतों से संवाद भी किया। अमित शाह के बेटे जय शाह भी परिवार के साथ महाकुंभ पहुंचे और सभी ने संगम में स्नान किया।

गौरतलब है कि महाकुंभ में श्रद्धालुओं का आना लगातार जारी है। उत्तर प्रदेश सूचना विभाग के मुताबिक, अब तक 13.21 करोड़ से ज्यादा लोग संगम में डुबकी लगा चुके हैं। यह आंकड़ा दिन-प्रतिदिन तेजी से बढ़ता ही रहा है। वहीं महाकुंभ ने “वसुधैव कुटुंबकम” का संदेश दिया है जहां देश-विदेश से आए लोग जाति-धर्म की सीमाओं को पार कर संगम में एक साथ स्नान कर रहे हैं।

इस बार महाकुंभ में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। सड़क, रेल और हवाई मार्ग से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। सुरक्षा के लिए एआई तकनीक, सीसीटीवी कैमरे और खोया-पाया केंद्र सक्रिय हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है जिससे महाकुंभ को सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने परिवार, संतों और सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ महाकुंभ 2025 के दौरान पवित्र त्रिवेणी संगम पर संगम का भावपूर्ण ‘आरती’ करते हुए. इस तस्वीर को देखने के बाद लोग सोशल मीडिया पर कह रहे हैं कि आस्था, संस्कृति और भारत के आध्यात्मिक सार का जश्न मनाने का यह दिव्य क्षण है।

Related Posts