BREAKING

दुर्ग-भिलाई

गृहमंत्री ने सबसे बड़े चोरी का खुलासा करने वाली टीम को दी बधाई, ₹5 लाख इनाम देने की घोषणा भी किया..

दुर्ग। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने आकाश गंगा, सुपेला के पारख ज्वेलर्स में हुई तीन करोड़ की चोरी का खुलासा करने वाली दुर्ग पुलिस की टीम को रविवार को अपने निवास पर आमंत्रित कर शाबाशी दी। गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने प्रदेश में पहली बार इतनी बड़ी चोरी के सम्पूर्ण जेवरात सहित वारदात के महज 36 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीम को 5 लाख रुपये के इनाम देने की घोषणा की।

गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के मीनाक्षी नगर, दुर्ग स्थित निवास पर रविवार को दुर्ग रेंज आईजी विवेकानंद सिन्हा के नेतृत्व में आकाश गंगा परिसर सुपेला के पारख ज्वेलर्स में हुई चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस की पूरी टीम का सम्मान हुआ। इस दौरान जिले के एसएसपी अजय कुमार यादव विशेष रूप से मौजूद थे। गृहमंत्री श्री साहू ने आईजी और एसएसपी सहित मौजूद सभी पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को मिठाई खिलाकर उपलब्धि पूर्ण सफलता के लिए पीठ ठोंकते हुए बधाई दी। गृहमंत्री ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को इसी तरह टीम भावना से आगे भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। श्री साहू ने कहा कि पारख ज्वेलर्स में हुई तीन करोड़ की चोरी का महज 36 घंटे के भीतर खुलासा किया जाना पुलिस के बेहतर सूझबूझ और टीम भावना का सार्थक नतीजा है। इसके लिए उन्होंने पूरी पुलिस टीम को 5 लाख रुपये इनाम देने की घोषणा की।

ज्ञात हो कि बीते बुधवार की सुबह सुपेला के आकाश गंगा परिसर स्थित जिले के सबसे बड़े ज्वेलरी शॉप पारख ज्वेलर्स में लगभग तीन करोड़ के जेवरातों की चोरी का पता चलते ही भिलाई – दुर्ग ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई थी। मामले का खुलासा करने आईजी विवेकानंद सिन्हा और एसएसपी अजय कुमार यादव ने 43 अधिकारी व कर्मचारियों की टीम गठित कर पूरी ताकत झोंक दी थी। अंततः आरोपी लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू को चोरी के पूरे माल समेत दुर्ग बस स्टैंड के पास रैन बसेरा में दबोच लिया गया।रविवार को गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू के निवास पर आयोजित सम्मान के कार्यक्रम में एएसपी शहर रोहित कुमार झा, एएसपी ग्रामीण लखन पटले, डीएसपी क्राइम प्रवीर चन्द्र तिवारी, सीएसपी भिलाई नगर अजीत कुमार यादव, सीएसपी दुर्ग विवेक शुक्ला, सीएसपी छावनी विश्वास चन्द्राकर, निरीक्षक गोपाल वैश्य, गौरव तिवारी, भूषण इक्का, बृजेश कुशवाहा, जितेन्द्र वर्मा, राकेश नरवरे, उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह कवंर, सहायक उपनिरीक्षक राजेश पाण्डेय, अजय सिंह, पूर्ण बहादुर, राधेलाल वर्मा सहित टीम में शामिल रहे, प्रधान आरक्षक एवं आरक्षक उपस्थित थे।

Related Posts