बीजेपी नेता ने कहा कि 2015 में ‘दीदी’ बीजेपी को बहुत हल्के में ले रही थी, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में 18 और विधानसभा में 77 सीटों पर विजय दिलाई…
कोलकाता (ए)। लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर बीजेपी के चाणक्य कहे जाने वाले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार दौरे कर रहे हैं. इस बीच मंगलवार (26 दिसंबर) को अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पश्चिम बंगाल पहुंचे. यहां उन्होंने बंगाल बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लिया. इसके साथ ही वह आईटी व सोशल मीडिया मीट में भी शामिल हुए।
इस दौरान अमित शाह ने पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि जब बंगाल से वामपंथियों का शासन हटा तो पूरा देश और बंगाल की जनता बहुत खुश हुई, मगर दीदी ने इस तरह शासन चलाया कि जनता बोल रही है, इससे अच्छे तो वामपंथी ही थे।
‘बंगाल में सोशल मीडिया का बड़ा महत्व’ केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में सोशल मीडिया का बहुत महत्त्व है, क्योंकि यहां के प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया दीदी के भय और पैसे के कारण बीजेपी की बात जनता तक नहीं पहुंचाते हैं. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के कार्यकर्ताओं को बंगाल के हर घर में बीजेपी का कमल निशान और ‘मोदी फिर से एक बार…’ का नारा पहुंचाने से कोई नहीं रोक सकता।
‘इस बार पश्चिम बंगाल से मोदी सरकार में 35 कमल…’ बीजेपी नेता ने कहा कि 2015 में ‘दीदी’ बीजेपी को बहुत हल्के में ले रही थी, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं ने लोकसभा में 18 और विधानसभा में 77 सीटों पर विजय दिलाई. उन्होंने कहा कि जब 0 से 77 सीट आती हैं तो अगली बार वो दो-तिहाई में बदलती हैं और जब 0 से 18 आती हैं तो वो 35 में बदलती हैं और ये बात दीदी जानती हैं. शाह ने कहा कि इस बार मोदी सरकार में 35 कमल पश्चिम बंगाल से आएंगे।
महुआ मोइत्रा और कल्याण बनर्जी पर भी साधा निशाना इस दौरान अमित शाह ने निलंबित टीएमसी नेताओं महुआ मोइत्रा और कल्याण बनर्जी पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि TMC के सांसद सदस्य अपने लोकसभा अकाउंट का पासवर्ड, किसी व्यापारी को देते हैं. पैसे और महंगे गिफ्ट लेकर सवाल पूछने वाले सांसद देश को सुरक्षित रख सकते हैं. उन्होंने कहा कि टीएमसी के एक सांसद देश के उपराष्ट्रपति की मिमिक्री कर संवैधानिक पद का अपमान करते हैं।















