BREAKING

दुर्ग-भिलाईफीचर्ड

खेल मानव जीवन में ऊर्जा का संचार करने वाला महत्वपूर्ण पक्ष : संजय ओझा

भिलाई। शनिवार को शारदा विद्यालय, रिसाली में वार्षिक खेल दिवस का आयोजन शाला प्रांगण में उत्साहपूर्वक किया गया। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ खेलकूद प्रतियोगिताएँ मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहीं। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती तथा वीर हनुमान की वन्दना से किया गया। तत्पश्चात् अतिथियों का स्वागत पुष्प गुच्छ से किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शकुन्तला ग्रुप ऑफ स्कूल्स के डायरेक्टर संजय ओझा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में चेयरमैन स्कूल मैनेजिंग कमेटी विपिन ओझा की उपस्थिति थी मुख्य अतिथि के द्वारा विद्यालय ध्वज फहराने के साथ ही रंग बिरंगें गुब्बारों को हवा के सुपुर्द इस उद्देश्य से किया गया कि विद्यालय का परचम चारों दिशाओं में अपने अस्तिव को रूप दे। मशाल प्रज्ज्वलन तथा खेल उत्सव की उ‌द्घोषणा के पश्चात् एन.सी.सी. के विद्यार्थियों के साथ अन्य विद्यार्थियों ने कदमताल की प्रस्तुति देते हुए मुख्य अतिथि तथा विद्यालय से जुड़े सभी गणमान्य सदस्यों को सलामी दी।

मुख्य अतिथि संजय ओझा ने अपने उ‌द्बोधन में विद्यार्थियों को खेल से जुड़ी मुख्य भावना आत्म विश्वास, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा के विषय में बताते हुए उन्हें जीवन में हमेशा आगे बढ़ने की सीख दी। खेल को मानव जीवन में ऊर्जा का संचार करने वाला महत्वपूर्ण पक्ष बताया।

विशिष्ट अतिथि विपिन ओझा ने विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि खेल जीवन की कठिनाइयों और बाधाओं का सामना करने की हिम्मत देते हैं। खेल में आने वाले एक के बाद एक कठिन पड़ाव जीवन को संतुलन की राह दिखाते हैं।

स्वंय को प्रथम स्थान पर देखने की उमंग रखने वाले प्रत्येक प्रतिभागी का साथ मैनेजर ममता ओझा, हेड मिस्ट्रेस पुष्पा सिंह, सीनियर मिस्ट्रेस सेष्टि राव सीनियर एक्टिविटी इंचार्ज पूजा बब्बर, प्रतीक ओझा एवं वनिता ओझा ने दिया तथा उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा प्रतियोगिताओं को खेल भावना तथा परिश्रम से जीतने की शपथ भी ली गई। स्वागत भाषण प्राचार्या सुतापा सरकार ने दिया।

कार्यक्रमों के अन्तर्गत नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियों के साथ विद्यार्थियों ने टनल रेस, क्रैब रेस, रिले रेस, स्लो साइकिल बैलेंस रेस, कैटर पिलर रेस आदि प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभिभावक भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हुए अत्यन्त उत्साहित दिखे।

ध्यातव्य है कि कार्यक्रम के अन्तर्गत छत्तीसगढ़ के ओलम्पिक खेलों भौरा, खो-खो, कब्बडी, लागोरी संखली, गेड़ी दौड़ आदि के विषय में जानकारी दी गई एवं खेल जगत से जुड़ी प्रसिध्द हस्तियों को श्रध्दांजलि भी दी गई। उत्सव के अन्त में विद्यालय के स्पोर्टस कैप्टन आदित्य चौधरी द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया। संचालन शिक्षिका अनुपमा सिंह ने किया।

प्रतियोगिताओं की श्रृंखला में टैगोर हाऊस के प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रथम अशोका एवं शिवाजी हाऊस के द्वितीय तथा रमण हाऊस के विद्यार्थियों को तृतीय स्थान पाने हेतु पुरस्कृत किया गया। विद्यार्थी मुख्य अतिथि से पुरस्कार पाते हुए अत्यंत उत्साहित थे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से किया गया।

Related Posts