दुर्ग। खुर्सीपार में मलकीत सिंह की नृशंस हत्या के विरोध में छत्तीसगढ़ सिक्ख पंचायत द्वारा बुलाए गए दुर्ग-भिलाई बंद को भारतीय जनता पार्टी दुर्ग जिला संगठन ने अपना समर्थन दिया है। जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने कहा कि जिस प्रकार मोबाइल पर गदर-2 मूवी देख रहे मलकीत सिंह को किसी सीन पर अपना रिएक्शन देने पर नृशन्स हत्या की है, यह एक घोर निंदनीय घटना है। इस तरह की घटनाएं नहीं होनी चाहिए। इस घटना के पीछे नशाखोरी और असहिष्णुता एक अहम पहलू है। जब सरकार के गृह मंत्री के जिले में ही नशाखोरी और अपराध चरमसीमा पर है, तो पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था की हालत क्या होगी, यह समझा जा सकता है।
जिला भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा ने आव्हान करते हुए कहा कि मलकीत सिंह की नृशन्स हत्या पर सिख पंचायत द्वारा आहूत दुर्ग भिलाई बंद को भारतीय जनता पार्टी दुर्ग जिला संगठन समर्थन देता है और सभी व्यापारियों सहित आमजनों से अपील करता है मलकीत सिंह को न्याय दिलाने के लिए अपने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर घटना के विरोध में अपना आक्रोश प्रकट करे।
चेंबर ने दिया समर्थन: खुर्सीपार में मलकीत सिंह की नृशंस हत्या के विरोध में छत्तीसगढ़ सिक्ख पंचायत द्वारा बुलाए गए दुर्ग-भिलाई बंद को छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने अपना समर्थन दिया है। चेम्बर के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन व भिलाई अध्यक्ष गारगी शंकर मिश्र ने जानकारी देते हुए बताया कि खुर्सीपार में यह जो घटना हुई है वह दुर्भाग्यपूर्ण है। हम सभी इस तरह की घटनाओं का पुरजोर विरोध करते हैं, इस तरह की घटनाएं नहीं होनी चाहिए।
चेम्बर ऑफ कॉमर्स इस बंद को अपना समर्थन देता है और सभी व्यापारियों सहित आमजनों से अपील करता है मलकीत सिंह को न्याय दिलाने के लिए आगे आएं। हरितालिका तीज एवं श्री गणेश चतुर्थी त्योहार के मद्देनजर पूजा सामग्री प्रतिष्ठानों सहित दवाई दुकान एवं पेट्रोल पंप को बंद से बाहर रखा गया है।















