रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने इस सीजन के अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हराया. टीम के लिए विराट कोहली और फाफ डु प्लेसिस ने तूफानी पारियां खेलीं…
बेंगलुरु (ए)। आईपीएल 2023 सीजन का 5वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और मुंबई इंडियंस के बीच में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया. इस मैच में आरसीबी की टीम को 172 रनों का लक्ष्य मिला था जिसे कप्तान फाफ डु प्लेसिस और विराट कोहली की ओपनिंग जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 148 रनों की साझेदारी करने के साथ पूरी तरह से एकतरफा कर दिया. आरसीबी की टीम ने इस लक्ष्य को 16.2 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया, जिसमें कोहली ने नाबाद 82 रनों की शानदार पारी खेली।
172 रनों के स्कोर का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम की तरफ से पारी की शुरुआत करने की जिम्मेदारी कप्तान फॉफ डू प्लेसिस और विराट कोहली ने संभाली. दोनों ने मिलकर पहले 6 ओवरों में ही टीम का स्कोर 53 रनों तक पहुंचा दिया. इसके बाद डु प्लेसिस और कोहली ने अपने आक्रामक अंदाज को जारी रखते हुए तेजी के साथ रन बनाने का सिलसिला जारी रखा।
कोहली और डु प्लेसिस की जोड़ी ने 11वें ओवर में ही टीम के स्कोर को 100 रनों के पार पहुंचा दिया. फाफ डु प्लेसिस ने इस मुकाबले में सिर्फ 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया वहीं कोहली ने भी सीजन की शुरुआत अर्धशतकीय पारी के साथ करते हुए 50 रनों का आंकड़ा 38 गेंदों में पूरा किया. इस मैच में आरसीबी की टीम को पहला झटका 148 के स्कोर पर फाफ डु प्लेसिस के रूप में लगा जो 43 गेंदों में 73 रनों की पारी खेलकर पवेलियन लौटे।
आरसीबी की टीम ने इस मुकाबले में लक्ष्य को 2 विकेट के नुकसान के 16.2 ओवरों में ही हासिल कर लिया. विराट कोहली ने 49 गेंदों में 82 रनों की शानदार नाबाद पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाकर इस मैच में वापस आए. मुंबई की तरफ से गेंदबाजी में अरशद खान और कैमरून ग्रीन ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।
इस मुकाबले में आरसीबी की टीम ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. जिसके बाद मुंबई इंडियंस की टीम ने सिर्फ 20 के स्कोर तक अपने 3 अहम विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा ने एक छोर से पारी को संभालते हुए रन गति को बनाए रखने के साथ टीम को लड़ने लायक स्कोर तक लेकर जाने का काम किया. तिलक वर्मा के बल्ले से 46 गेंदों में 84 रनों की शानदार नाबाद पारी देखने को मिली थी, जिसकी बदौलत मुंबई की टीम 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 171 के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही थी. आरसीबी की तरफ से गेंदबाजी में कर्ण शर्मा ने अपने 4 ओवरों में 32 रन देकर 2 विकेट हासिल किए थे।
आईपीएल के 16वें सीज़न की शुरुआत हो चुकी है. टूर्नामेंट का चौथा मैच सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया. इस मैच में राजस्थान ने 72 रनों से शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट का आगाज़ किया. संजू सैमसन की अगुवाई वाली राजस्थान रॉयल्स ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 203 रन बनाए. रनों का पीछा करते हुए हैदराबाद 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 131 रन ही बना सकी. आइए जानते हैं कि राजस्थान और हैदराबाद के बीच खेले गए मैच के बाद पॉइंट्स टेबल का क्या हाल है।
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए पहले मैच में जीत दर्ज कर राजस्थान रॉयल्स पॉइंट्स टेबल में अव्वल नंबर पहुंच गई है. टीम ने 2 पॉइंट्स के साथ, + 3.600 का नेट रनरेट भी हासिल किया. शानदार नेट रनरेट की बदौलत ही टीम पॉइंट्स टेबल में अव्वल नंबर पर पहुंचने में कारगर रही।









