हादसे के वक्त करीब 400 से 500 लोग पुल पर मौजूद थे, यह पुल काफी पुराना था और कुछ दिन पहले ही इसकी मरम्मत कराई गई थी, 5 दिन पहले ही इसे आम जनता के लिए फिर से खोला गया था…
गांधीनगर (ए)। गुजरात के मोरबी में रविवार शाम को मच्छु नदी पर बना केबल पुल टूटने से एक बड़ा हादसा हो गया। इस घटना के दौरान पुल के ऊपर खड़े कई लोग नदी में गिर गए। घटना में अब तक 40 से ज्यादा लोगों की मौत होने की खबर है। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी जल्द मौके पर पहुंच रही हैं। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त सैकड़ों की तादाद में लोग पुल पर मौजूद थे। पुलिस महानिदेशक आशीष भाटिया ने कहा कि अब तक मरने वालों की संख्या 40 के आसपास है और यह संख्या और अधिक हो सकती है। वर्तमान में बचाव अभियान जारी है और कई लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिवार के लिए 4-4 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने का ऐलान किया है। बताया जा रहा है कि सीएम ने अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और मौके पर पहुंच रहे हैं। यह पुल करीब 100 साल पुराना बताया जा रहा है और कुछ दिन पहले ही इसकी मरम्मत कराई गई थी। मरम्मत के बाद 5 दिन पहले ही इसे आम जनता के लिए फिर से खोला गया था।
पीएम मोदी ने गुजरात के सीएम से की बात, मुआवजे का भी किया ऐलान
वहीं, प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और अन्य अधिकारियों ने मोरबी में हुई दुर्घटना के संबंध में बात की है। उन्होंने बचाव अभियान के लिए टीमों को तत्काल जुटाने, स्थिति की बारीकी से और लगातार निगरानी करने और प्रभावित लोगों को हर संभव मदद देने को कहा है।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरबी हादसे में जान गंवाने वालों में से प्रत्येक के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
#WATCH | Several people feared to be injured after a cable bridge collapsed in the Machchhu river in Gujarat's Morbi area today. Further details awaited. pic.twitter.com/hHZnnHm47L
— ANI (@ANI) October 30, 2022
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि मोरबी में सस्पेंशन ब्रिज गिरने की घटना से मुझे गहरा दुख हुआ है। राहत और बचाव कार्य जारी है। घायलों के तत्काल इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। मैं इस संबंध में जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में हूं। पटेल ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने भी मुझसे मोरबी हादसे के बारे में बात कर स्थिति की जानकारी ली है। पीएम ने पूरी स्थिति और बचाव कार्यों की निरंतर निगरानी के संबंध में सिस्टम को आवश्यक निर्देश और मार्गदर्शन दिया है।
मृतकों के लिए 4 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं प्रधानमंत्री के साथ आगे के कार्यक्रमों को छोटा करके जल्द गांधीनगर पहुंच रहा हूं। राज्य के गृर मंत्री को मौके पर पहुंचने और बचाव कार्यों का मार्गदर्शन करने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ समेत जवानों को बचाव कार्य में लगाया गया है। मैं मोरबी त्रासदी में अपनी जान गंवाने वाले नागरिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। राज्य सरकार प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये देगी।
एनडीआरएफ मौके पर पहुंच रही: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोरबी में हुए हादसे से अत्यंत दुखी हूं। इस विषय में मैंने गुजरात के गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी व अन्य अधिकारियों से बात की है। स्थानीय प्रशासन पूरी तत्परता से राहत कार्य में लगा है, NDRF भी शीघ्र घटनास्थल पर पहुंच रही है। प्रशासन को घायलों को तुरंत इलाज देने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही आम आदमी पार्टी (आप) के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया है। केजरीवाल ने कहा कि गुजरात से बेहद दुःखद खबर मिल रही है। मोरबी में ब्रिज टूट जाने से कई लोगों के नदी में गिर जाने की खबर है। भगवान से उनकी जान और स्वास्थ्य की प्रार्थना करता हूं।”
वहीं, मोरबी के विधायक और राज्य मंत्री बृजेश मेरजा ने कहा कि पुल गिरने से कई लोग नदी में गिर गए। बचाव अभियान जारी है। ऐसी खबरें हैं कि कई लोग घायल हुए हैं। उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब यह पुल टूटा इस झूलते पुल पर कई महिलाएं और बच्चे थे।















