जल जनित बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण में आयुक्त ने तेजी लाने के दिए निर्देश, प्रातः निरीक्षण के दौरान डेंगू नियंत्रण के कार्य में लापरवाही बरतने वाले सुपरवाइजर को लगाई फटकार…
भिलाई। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने बुधवार की सुबह प्रातः 6:00 बजे जोन क्रमांक 2 वैशाली नगर क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नगर का दौरा किया उन्होंने यहां पर आईएचएसडीपी कॉलोनी का निरीक्षण किया। इस दौरान एक स्थान पर खाली भवन में अवैध रूप से सामग्री रखी गई थी जिसे निगमायुक्त ने हटाने के निर्देश दिए। वही पूरी कॉलोनी का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय उन्होंने डेंगू नियंत्रण एवं रोकथाम की गतिविधियां देखी तथा टेमीफास् वितरण की जानकारी ली। सुपरवाइजर सुक्रित दास इस पर ठीक तरीके से जवाब नहीं दे पाए, जिस पर निगमायुक्त ने सुपरवाइजर को फटकार लगाई और शीघ्र अति शीघ्र टेमीफास् का वितरण संपूर्ण घरों में कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
वही सुपरवाइजर का 5 दिनों का वेतन की कटौती की जाएगी तथा नोटिस भी जारी किया जाएगा। जलभराव की स्थिति का भी मुआयना जवाहर नगर में निगमायुक्त ने किया, खाली प्लाट में पानी जमा उन्होंने पाया तथा पानी निकासी की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सफाई को लेकर जवाहर नगर आवासीय कॉलोनी का भी निरीक्षण किया। मुख्य सड़क के किनारे ठेला लगाकर नाश्ता का व्यवसाय करने वाले को कचरा डस्टबिन में डालने की हिदायत आयुक्त ने दी और नियमित रूप से अपने ठेले के आसपास सफाई रखने के निर्देश दिए।
निगम आयुक्त सुबह सुपेला के लक्ष्मी मार्केट पहुंचे, मटन मार्केट के ठीक सामने मुख्य सड़क के किनारे कचरे को व्यवस्थित तरीके से डालने पर उन्होंने वहां के स्थानीय व्यवसायियों से चर्चा की, उन्होंने कहा कि सफाई हम सबकी जिम्मेदारी है, व्यवस्थित तरीके से कचरा रखने पर सफाई कर्मचारी इसे आसानी से उठा सकते हैं।
काफी देर तक उन्होंने सफाई को लेकर व्यवसायियों से बात की और सफाई के लिए विशेष सहयोग करने कहा। निरीक्षण के दौरान जोन आयुक्त मनीष गायकवाड एवं पूजा पिल्ले, स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र मिश्रा, प्रभारी सहायक अभियंता अरविंद शर्मा, प्रभारी उप अभियंता बसंत साहू, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अनिल मिश्रा एवं अंकित सक्सेना आदि मौजूद रहे।















