रायपुर। कलेक्टर डॉ गौरव सिंह की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट परिसर स्थित रेडक्रास सभाकक्ष में समय सीमा की बैठक आयोजित की गई। जिसमें जिले में क्रियान्वित होने वाले शासकीय योजनाएं और विभिन्न प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने लंबित राजस्व एवं लोकसेवा गारंटी के प्रकरण के निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ सिंह ने आम नागरिकों से आग्रह किया कि दो पहिया चलाते समय हेलमेट का उपयोग करें और इससे आप सड़क दुर्घटना में होने वाले गंभीर चोटों से बच पाएंगे।
एसएसपी डॉ सिंह ने कहा कि आम नागरिकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें और यह प्रयास करें कि इसके लिए शहर के अलग अलग क्षेत्रों में सामाजिक संस्थाओं को छोटी-छोटी जागरूकता रैली निकालने का आग्रह करे। जिसमें संबंधित क्षेत्र के अनुविभागीय अधिकारी, राजस्व अधिकारी सहित पुलिस के अधिकारी शामिल हो सकते है।
ऐसे प्रयासों से यह जन अभियान के रूप में सामने आएगा और अधिक से अधिक लोग हेलमेट पहनेंगे और होने वाले दुर्घटना से बच पाएंगे। बैठक में पुलिस विभाग द्वारा शहर में नशे के बडे़ रैकेट पर कार्रवाई कर संबंधित आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने के लिए डॉ लाल उम्मेद सिंह सहित पूरे विभाग को कलेक्टर डॉ सिंह एवं अन्य जिला अधिकारियों ने बधाई दी।
कलेक्टर ने बताया कि 3 सितंबर से 16 सितंबर तक कृषक रजत संवाद कार्यक्रम सभी सोसायटी में किया जाएगा। इससे संबंधित सारी तैयारियां कर ली जाए। इसका उदद्ेश्य कृषि में नवाचार लाना, अच्छी तकनीक का हस्तांतरण और कम लागत में अधिक आय प्राप्त करना शामिल है।
गौरतलब है कि इस कार्यक्रम में कृषि विषय विशेषज्ञ, कृषि विज्ञान केन्द्र, पशुधन विकास विभाग, उद्यानिकी विभाग, मत्स्य पालन विभाग, सहकारिता विभाग, लीड बैंक के अधिकारी-कर्मचारी एवं प्रगतिशील कृषक शामिल होंगे जो कृषकों को प्रशिक्षित करेंगे।
साथ ही अधिकारियों द्वारा विभाग की अन्य योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इस बैठक में एसएसपी डॉ लाल उम्मेद सिंह, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
















