BREAKING

छत्तीसगढ़देश-दुनियाफीचर्डविविध

कलेक्टर एल्मा ने दिया सादगी का परिचय, कक्ष से बाहर आकर ग्रामीणों से मिले और की आत्मीय बातचीत…

नारायणपुर। जिले के ओरछा विकासखंड के ग्राम पंचायत डूंगा एवं रेकावाया के ग्रामीणों ने ग्राम डूंगा में तेन्दूपत्ता खरीदी केन्द्र पुनः प्रारंभ करने की गुहार लगाने आज सवेरे कलेक्टोरेट पहुंचे। कलेक्टर पी.एस.एल्मा ने अपनी सादगी का परिचय देते हुए स्वयं अपने कक्ष से बाहर आये और उनसे बातचीत की। धुर नक्सल प्रभावित अबूझमाड़ के पहुंचविहीन गांवों के ग्रामीण जब कलेक्टर से मिलने आते हैं तो कलेक्टर के कक्ष में जाने में हिचकिचाते हैं। कलेक्टर कक्ष के अंदर भी ग्रामीण कलेक्टर से बात करने में असहज महसूस करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर श्री पी.एस.एल्मा स्वयं कक्ष से बाहर आये और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुनी और अन्य विषयों पर आत्मीय बातचीत भी की।

इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि तीन वर्ष पूर्व ग्राम डूंगा में तेन्दू पत्ता खरीदी केन्द्र संचालित था, किन्तु किसी कारणवश वह 3 साल से बंद है। उन्होंने बताया कि उक्त खरीदी केन्द्र में आासपास के ग्रामीण तेन्दू पत्ता तोड़कर अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करते थे। लेकिन जब से यह खरीदी केन्द्र बंद हुआ है, ग्रामीण तेन्दू पत्ता का विक्रय नहीं कर पा रहे हैं। इसके साथ ही ग्रामीणों ने कलेक्टर को अपने गांव की पेयजल, बिजली, शौचालय आदि समस्याओं के बारे में जानकारी दी। कलेक्टर श्री एल्मा ने ग्रामीणों की बात सुनकर तत्काल वनमंडलाधिकारी को फोन कर त्वरित कार्यवाही करने कहा। इसके साथ ही ग्रामीणों से मिलकर उनकी अन्य समस्याओं को भी हल करने की बात कही।

कलेक्टर ने ग्रामीणों की बात को ध्यान से सुना और निराकरण करने की बात कही। मुलाकात के बाद ग्रामीणों ने आपस में बातचीत करते हुए कहा कि कलेक्टर की सादगी को देखकर ऐसा लगता है कि जिले के सभी अधिकारियो को कलेक्टर एल्मा सर जैसा ही होना चाहिए।

Related Posts