दुर्ग। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों ने अपने कार्यालय भवन में मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली। कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने अधिकारी-कर्मचारियों को मतदान की शपथ दिलाई।
शपथ में कहा गया कि “हम, भारत के नागरिक, लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए, निर्भीक होकर, धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा, अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इस अवसर पर एडीएम अरविंद एक्का, सहायक कलेक्टर एम. भार्गव, उप जिला निर्वाचन अधिकारी अपर कलेक्टर वीरेंद्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर एचएस मिरी, एवं लता उर्वशा, संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा दिवाकर सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।
25 जनवरी को लिये जाएंगे नामांकन: छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर पालिकाओं/त्रिस्तरीय पंचायतों के आम एवं उप निर्वाचन 2025 कराये जाने हेतु जारी समय अनुसूची अनुसार 25 जनवरी 2025 को भी नामनिर्देशन लेने की कार्यवाही निर्धारित समयावधि तक संपन्न होगा। ज्ञात हो कि छत्तीसगढ़ शासन सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना अनुसार 25 जनवरी 2025 को सार्वजनिक अवकाश घोषित नहीं किया गया है। अतएव नामनिर्देशन पत्र लेने की कार्यवाही जारी रहेगी।
विभागीय परीक्षा स्थगित: छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित की जाने वाली विभागीय परीक्षा नगरपालिकाओं एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम/उप निर्वाचन 2025 के कारणवश स्थगित की गई है। परीक्षा का आयोजन सोमवार 27 जनवरी, 2025 से सोमवार 03 फरवरी 2025 तक आयोजित होना था। विभागीय परीक्षा का आयोजन नगरपालिकाओं एवं त्रि-स्तरीय पंचायतों के आम/उप निर्वाचन 2025 के समाप्त होने के पश्चात् किया जाएगा। जिसकी सूचना पृथक से दी जाएगी।















