भारत ने 153 रन पर छह विकेट गंवा दिए थे जिसके बाद नायर (नाबाद 52 रन, 98 गेंद, सात चौके) और वाशिंगटन सुंदर (नाबाद 19 रन) ने सातवें विकेट के लिए 51 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को वापसी दिलाने का प्रयास किया…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय टीम में वापसी कर रहे करुण नायर ने अर्धशतक जड़ा लेकिन गस एटकिंसन और जोश टंग की धारदार गेंदबाजी से इंग्लैंड ने पांचवें और अंतिम क्रिकेट टेस्ट के वर्षा से प्रभावित पहले दिन ओवल में मेहमान टीम का पहली पारी में स्कोर छह विकेट पर 204 रन करके अपना पलड़ा भारी रखा। एटकिंसन (31 रन पर दो विकेट) और टंग (47 रन पर दो विकेट) की उम्दा गेंदबाजी के सामने भारत ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और गेंदबाजी की अनुकूल परिस्थितियों में नायर के अलावा उसका कोई अन्य बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया।
बारिश के कारण पहले दिन 64 ओवर का ही खेल संभव हो पाया। ओवल टेस्ट के पहले दिन 64 ओवर का खेल ही हो पाया। यह करुण के टेस्ट करियर का दूसरा 50+ स्कोर है। इससे पहले उन्होंने दिसंबर 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ ही नाबाद 303 रन की पारी खेली थी। इसके बाद उनका यह पहला 50+ रन की पारी है।
पांचों मैचों में टॉस हारे गिल
शुभमन गिल ने मौजूदा टेस्ट सीरीज में अब तक सभी पांचों टॉस गंवाए हैं। वहीं, भारतीय पुरुष टीम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार 15वें मैच में टॉस हार गई। यह पहली बार है जब ओली पोप ने कप्तान के रूप में किसी टेस्ट मैच में टॉस जीता है। ऐसा 14वीं बार हुआ है जब किसी टीम ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में सभी पांचों टॉस हारे हैं। 21वीं सदी में इससे पहले ऐसा केवल एक बार हुआ था, जब भारत ने 2018 में इंग्लैंड दौरे पर पांचों मैचों में टॉस हारे थे।
चार-चार बदलावों के साथ उतरीं दोनों टीमें
पांचवें मुकाबले में भारत चार बदलावों के साथ उतरा है। कप्तान शुभमन गिल ने बताया कि ऋषभ पंत की जगह ध्रुव जुरेल, शार्दुल ठाकुर की जगह करुण नायर, जसप्रीत बुमराह की जगह प्रसिद्ध कृष्णा और अंशुल कंबोज की जगह आकाश दीप को टीम में शामिल किया गया है। वहीं, इंग्लैंड ने प्लेइंग-11 में भी कुल चार खिलाड़ी बदले हैं। बेन स्टोक्स, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर और लियाम डॉसन इस प्लेइंग-11 का हिस्सा नहीं हैं। स्टोक्स की जगह स्पिन ऑलराउंडर जैकब बेथेल को शामिल किया गया है। वह छठे नंबर पर बल्लेबाजी करेंगे। वहीं, सरे के दो पेस बॉलिंग ऑलराउंडर गस एटकिंसन, जेमी ओवरटन और जोश टंग को भी शामिल किया गया है।
















