पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार, प्रियांशु ने प्रेमिका के गले पर स्टेशनरी ब्लेड से छह बार वार किया। जिससे उसका गला लगभग पूरा कट गया। एक घाव दाएं हाथ की कलाई पर मिला है। अधिक खून बहने से मौत की पुष्टि हुई है…
कानपुर (ए)। बिरहाना रोड स्थित गगन सागर होटल में हुए मर्डर केस में कई चौकाने वाले सच सामने आए हैं। पूछताछ में प्रेमिका की हत्या करने की बात कबूल करने करते हुए प्रेमी ने जो बातें पुलिस को बताई वो काफी खौफनाक हैं। प्रियांशु तिवारी ने खुद थाने जाकर सरेंडर किया और बताया कि हत्या करने के बाद मैं भी आत्महत्या करने जा रहा था लेकिन हिम्मत नहीं जुड़ा सका। मैं दादानगर रेलवे लाइन गया था। वहां ट्रेन को आता देख मेरी हिम्मत टूट गई और पटरी से साइड हो गया। इसके बाद मैं अपने घर गया और मां को सारी बात बताई और फिर उसने गोविंदनगर थाने जाकर सरेंडर कर दिया।
आरोपी प्रियांशु तिवारी ने प्रेमिका को मारने के लिए पूरी प्लानिंग की थी। एक सप्ताह पहले खाटू श्याम के दरबार से लौटते समय हत्या का प्लान तय कर लिया था। हत्या के बाद उसे पता था कि उसका आधार कार्ड होटल में जमा है इसलिए वह बचेगा नहीं। इसी वजह से उसने आत्महत्या की सोची लेकिन हिम्मत ही नहीं जुटा सका, अपनी मां को पूरी बात बताने के बाद थाने पहुंच गया। वहां उसने पहले प्रेमिका की मां को कॉल कर जानकारी दी, फिर पुलिस से भी बात करा दी।
पूछताछ में पता चला कि इस सप्ताह उसने छात्रा को कई बार मिलने के लिए बुलाया। शुक्रवार को भी वह उसे लेकर घूमने निकला लेकिन मनमाफिक होटल न मिलने से उसकी मंशा पूरी नहीं हुई। रविवार सुबह फिर से प्रेमिका को मिलने बुलाया। गुजैनी हाईवे के पास से उसे बाइक पर बैठाकर पनकी, चौबेपुर और शिवराजपुर तक गया, फिर शहर लौट आया। उसका कहना था कि शारीरिक संबंध बनाने के दौरान भी प्रेमिका के फोन पर किसी का कॉल आया। पूछने पर प्रेमिका ने टालने की कोशिश की तो पहले से साथ ले गए स्टेशनरी ब्लेड से प्रेमिका का गला काट दिया।
















