कप्तान रोहित शर्मा के बल्ले के कमाल और स्पिनरों के धमाल के दम पर भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर रिकॉर्ड तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने रविवार को यहां न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर तीसरी बार आईसीसी चैंपियन्स ट्रॉफी अपने नाम करने के बाद कहा कि मुकाबले में नतीजा अपने हक में होना शानदार अहसास है। फाइनल में 76 रन की अर्धशतकीय पारी खेलकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ रहे रोहित ने मैच के बाद संन्यास की अफवाह फैलाने वाले आलोचकों से कहा, ‘मैं वनडे प्रारूप से संन्यास लेने नहीं जा रहा हूं। कृपया अफवाहें मत फैलाइए।’ वह इस सवाल से हैरान दिखे। उन्होंने कहा, ‘कोई फ्यूचर प्लान नहीं है। जो हो रहा है, वो चलता जाएगा।’
पिछले कुछ समय से पहली गेंद से आक्रामक तेवर अपनाने वाले कप्तान रोहित शर्मा का बल्ला एक बार फिर खूब चला और उस समय जबकि टीम को उसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी। हालांकि, इससे पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर और चैंपियंस ट्रॉफी के शुरुआती मैचों में बल्ला नहीं चलने पर मीडिया रिपोर्ट्स में उनके संन्यास के कयास लगाए जा रहे थे। अब उन्होंने सभी रिपोर्ट्स का खंडन किया है।
















