रंगापानी और निजबाड़ी के पास हुए हादसे में तीन बोगियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। रेलवे की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रॉय ने कहा कि स्थिति अभी गंभीर है…
जलपाईगुड़ी (ए)। बिहार-बंगाल की सीमा के पास ट्रेन हादसा हुआ है। सियालदाह जा रही कंचनजंगा एक्सप्रेस (13174) को पीछे से मालगाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में कंजनजंगा एक्सप्रेस के तीन डिब्बे बेपटरी हो गए। हादसे के बाद हड़कंप मच गया। रेलवे की टीम जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि कटिहार रेल डिवीजन के अंतर्गत रंगापानी और निजबाड़ी के पास हुए हादसे में तीन बोगियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। रेलवे की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। घायल यात्रियों को बाहर निकाला जा रहा है। हादसे में पांच लोगों की मौत की बात सामने आ रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रॉय ने कहा कि स्थिति अभी गंभीर है। कंचनजंगा एक्सप्रेस को एक मालगाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई और 60 से ज्यादा घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
बताया जा रहा है कि हादसा सुबह 9.30 बजे हुआ. जलपाईगुड़ी स्टेशन के पास मालगाड़ी ने ट्रेन नंबर 13174 कंचनजंगा एक्सप्रेस को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण ती कि कंचनजंगा एक्सप्रेस के दो डिब्बे पटरी से उतर गए. इसके बाद एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की तमाम टीमें रेस्क्यू में जुट गई हैं, घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।
रेलवे ने जलपाईगुड़ी रेल हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया है. गंभीर रूप से घायलों को 2.5 लाख जबकि कम घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट कर ये जानकारी दी।
PMO ने जलपाईगुड़ी हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद का ऐलान किया है. इसके अलावा जो लोग जख्मी हुए हैं, उन्हें 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बहुत बड़ा हादसा हुआ है। निजबाड़ी से कुछ दूर पहले ट्रेन खड़ी थी। अचानक पीछे से मालगाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दो बोगी एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गई। वहीं मालगाड़ी का एक डिब्बा हवा में ऊपर उठ गई। वहीं हादसे के बाद रेल परिचालन ठप है। इधर, रेलवे की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी की गई है।
रेलवे ने कहा कि 03323508794, 03323833326, 03612731621, 03612731622, 03612731623, 9002041952, 9771441956, +916287801758, 03674263958, 03674263831, 03674263120, 03674263126, 03674263858 पर कॉल कर अपने परिजनों या अन्य जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
यात्रियों का कहना है कि हमलोग ट्रेन में बैठकर बातचीत कर रहे थे। अचानक पीछे से तेज झटका लगा। जब तक कुछ समझ पाते ट्रेन में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। यात्रियों के चीखने चिल्लाने की आवाज जा रही थी। इसके बाद हमलोगों ने बाहर निकलकर देखा तो ट्रेन की तीन बोगियां क्षतिग्रस्त हो गई थीं।
रेल हादसे पर पीएम मोदी ने दुख जताया है. पीएम मोदी ने कहा, पश्चिम बंगाल में रेल हादसा दुखद है. जिन लोगों ने अपने लोगों को खोया है, उनके लिए संवेदनाएं. मैं प्रार्थना करता हूं कि घायल जल्द से जल्द ठीक हो जाएं. अधिकारियों से बात की और स्थिति का जायजा लिया. प्रभावितों की सहायता के लिए बचाव अभियान जारी है. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव घटना स्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
हादसे के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस रेल दुर्घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा, “एनएफआर जोन में दुर्भाग्यपूर्ण हादसा। बचाव कार्य जारी है। रेलवे, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ एकसाथ मिलकर काम कर रहे हैं। घायलों को अस्पताल में पहुंचाया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।”




















