मेग लेनिंग 5 बार आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली पहली कप्तान बन गईं हैं, उनसे पहले पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज खिलाड़ी रिकी पोटिंग ने बतौर कप्तान 4 बार आईसीसी ट्रॉफी को जीता था, वहीं भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी बतौर कप्तान 3 बार आईसीसी ट्रॉफी जीतने में कामयाब हुए हैं…
नईदिल्ली (ए)। आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने मेजबान साउथ अफ्रीकी महिला टीम को 19 रनों से मात देने के साथ टी20 ट्रॉफी को 6वीं बार अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की. इस मैच में ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 156 रन बनाए थे जिसमें बेथ मूनी ने नाबाद 74 रनों की अहम पारी खेली। वहीं 157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी महिला क्रिकेट टीम की शुरुआत थोड़ा धीमी देखने को मिली. पहले 6 ओवरों में टीम सिर्फ 22 रन ही जोड़ने में कामयाब हो सकी और ताजमीन ब्रिट्स के रूप में एक अहम विकेट भी टीम ने गंवा दिया. इसके बाद लौरा वोलवार्ड ने एक छोर से आक्रामक रुख अपनाते हुए तेजी के साथ रन बनाने का सिलसिला शुरू किया. हालांकि लौरा के 61 रन बनाकर पवेलियन लौटने के साथ साउथ अफ्रीका की जीत की उम्मीद भी उसी के साथ खत्म हो गईं और वह 20 ओवरों में 137 के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी।
बेथ मूनी ने संभाला एक छोर और टीम को पहुंचाया लड़ने लायक स्कोर तक ऑस्ट्रेलिया महिला टीम ने इस मैच में टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. टीम की तरफ से पारी की शुरुआत करने उतरीं एलिसा हीली और बेथ मूनी के बीच में पहले विकेट के लिए 36 रनों की साझेदारी देखने को मिली. हीली 18 के निजी स्कोर पर मरिजाने कैप को अपना विकेट दे बैठीं. इसके बाद मैदान पर उतरीं एश्ले गार्डनर ने आक्रामक रुख अपनाते हुए 21 गेंदों में 29 रनों की पारी खेली।वहीं दूसरे छोर से बेथ मूनी लगातार टीम को संभालने के साथ स्कोर को लगातार बढ़ाने का काम कर रहीं थीं. बेथ ने इस मैच में 53 गेंदों में 9 चौकों और 1 छक्के की मदद से 74 रनों की पारी खेली जिसकी बदौलत ऑस्ट्रेलियाई टीम 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 156 रनों के स्कोर तक पहुंचने में कामयाब हुई. साउथ अफ्रीका की तरफ से गेंदबाजी में शाबनीम इस्माइल और मरिजाने कैप ने 2-2 विकेट अपने नाम किए।
लौरा वोलवार्ड के पवेलियन लौटते खत्म हुई साउथ अफ्रीका की उम्मीद फाइनल मुकाबले का दबाव साउथ अफ्रीकी महिला टीम की ओपनिंग जोड़ी पर साफ तौर पर देखने को मिला. टीम की शुरुआती 6 ओवरों में रन गति काफी धीमी देखने को मिली. पहले 10 ओवरों तक साउथ अफ्रीकी महिला टीम 2 विकेट के नुकसान पर 52 के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी. यहां से लौरा वोलवार्ड ने एक छोर से तेजी के साथ रन बनाने का सिलसिला शुरू किया। एक समय जब सभी को लगा कि अफ्रीका टीम इस मैच को अपने नाम कर सकती है उसी वक्त ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज मेगन शूट ने वोलवार्ड को 61 के निजी स्कोर एलबीडब्ल्यू आउट करने के साथ अपनी टीम की मैच में पूरी तरह से वापसी करा दी. अफ्रीकी महिला टीम इस मैच में 6 विकेट के नुकसान पर 137 रन ही बनाने में कामयाब हो सकी. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से गेंदबाजी में मेगन शूट, जेस जोनासन, एश्ले गार्डनर और डार्सी ब्राउन ने 1-1 विकेट हासिल किया।
ऑस्ट्रेलियाई टीम हुई मालामाल ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टी20 वर्ल्ड कप पर रिकॉर्ड छठी बार कब्जा जमाया है. पूरी टीम के लिए यह काफी खास पल रहा. ऑस्ट्रेलिया ने इस बार टूर्नामेंट के शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा और किसी भी टीम को अपने ऊपर हावी नहीं होने दिया. वहीं जीत के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम पर पैसों की भी खूब बारिश हुई. टीम ने टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी के साथ 8.27 करोड़ रुपये की धनराशि अपने नाम की।
इसी के साथ अब मेग लेनिंग 5 बार आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली पहली कप्तान बन गईं हैं. उनसे पहले पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज खिलाड़ी रिकी पोटिंग ने बतौर कप्तान 4 बार आईसीसी ट्रॉफी को जीता था. वहीं भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी बतौर कप्तान 3 बार आईसीसी ट्रॉफी जीतने में कामयाब हुए हैं.
100 अंतरराष्ट्रीय टी20 मैच में कप्तानी करने वाली पहली खिलाड़ी भी बनी मेग लेनिंग मेग लेनिंग ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम किया है जिसमें वह अब वर्ल्ड क्रिकेट में बतौर कप्तान 100 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं हैं. उनकी कप्तानी में अब तक ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने 76 मैचों में जहां जीत हासिल की है वहीं सिर्फ 18 मैचों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है, जबकि 5 मैचों का कोई परिणाम नहीं निकल सका।
एश्ले गार्डनर बनीं ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ ऑस्ट्रेलिया की स्टार ऑलराउंडर एश्ले गार्डनर ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 29 रन की पारी खेली और एक विकेट भी अपने नाम किया. मैच के बाद गार्डनर को ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुना गया. गार्डनर ने वर्ल्ड कप में ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए अपनी चमक बिखेरी. गार्डनर ने इस टूर्नामेंट में अपनी शानदार गेंदबाजी से 10 विकेट चटकाये. जबकि बल्ले से कमाल दिखाते हुए 6 मैचों में 110 रन बनाये।
वर्ल्ड कप में एश्ले का प्रदर्शन
दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया – 29 रन और 1 विकेट (फाइनल)
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया – 31 रन और 2 विकेट (सेमीफाइनल)
दक्षिण अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया – 28 रन और 1 विकेट
श्रीलंका बनाम ऑस्ट्रेलिया – 0 विकेट
बांग्लादेश बनाम ऑस्ट्रेलिया – 19 रन और 1 विकेट
न्यूजीलैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया – 3 रन और 5 विकेट
ये खिलाड़ी भी थे रेस में
मेग लेनिंग (ऑस्ट्रेलिया)- 69.50 के औसत से 139 रन
एलिसा हीली (ऑस्ट्रेलिया)- 57 के औसत से 171 रन
नेट शिवर ब्रंट (इंग्लैंड)- 72 के औसत से 216 रन, तीन कैच
सोफी एकलेस्टन(इंग्लैंड)- 7.54 के औसत से 11 विकेट
ऋचा घोष (भारत)- 68 के औसत से 168 रन बनाये
लॉरा वोल्डवार्ट (दक्षिण अफ्रीका)- 42.25 के औसत से 169 रन
तजमीन ब्रिस्ट (दक्षिण अफ्रीका)- 44 के औसत से 176 रन और छह कैच
हीली मैथ्यूज (वेस्टइंडीज)- 43.33 के औसत से 130 रन, चार कैच और चार विकेट।















