23 गेंदों के शेष रहते मुकाबला जीतकर लखनऊ ने अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया। वहीं, इस मैच से पहले शीर्ष पर काबिज सनराइजर्स हैदराबाद छठे स्थान पर खिसक गई। उनका नेट रनरेट -0.128 हो गया। वहीं, अपने पहले मैच में कोलकाता को सात विकेट से मात देने वाली आरसीबी दो अंक और +2.137 के नेट रनरेट के साथ पहले स्थान पर पहुंच गई…
हैदराबाद (ए)। शार्दुल ठाकुर की घातक गेंदबाजी के बाद निकोलस पूरन और मिचेल मार्श की धमाकेदार पारियों की बदौलत लखनऊ सुपर जाएंट्स (एलएसजी) ने पांच विकेट से सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को हरा दिया। यह लखनऊ की मौजूदा टूर्नामेंट में पहली जीत है। इससे पहले उन्हें दिल्ली ने एक विकेट से करारी शिकस्त दी थी। गुरुवार को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 190 रन बनाए। जवाब में लखनऊ ने 16.1 ओवर में पांच विकेट गंवाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।















