पाठ्यपुस्तकों में सामग्री अपडेट करने का सिलसिला जारी रखते हुए एनसीईआरटी ने अब इसमें ऑपरेशन सिंदूर को भी शामिल कर लिया है। कक्षा 3 से 12वीं तक के लिए ऑपरेशन सिंदूर पर विशेष मॉड्यूल पेश किया गया है…
नईदिल्ली (ए)। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद ने अपनी किताबों में ऑपरेशन सिंदूर को जगह दी है। कक्षा 3 से 12वीं तक के लिए ऑपरेशन सिंदूर पर दो विशेष मॉड्यूल जारी किए गए हैं। इनमें कहा गया है कि भले ही पाकिस्तान ने पहलगाम आतंकी हमले में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है, लेकिन यह पाकिस्तान के सैन्य और राजनीतिक नेतृत्व के सीधे आदेश पर किया गया था।
प्रारंभिक और माध्यमिक स्तर यानी कक्षा 3 से 8 के लिए इन दो मॉड्यूल का शीर्षक ‘ऑपरेशन सिंदूर- वीरता की गाथा’ और माध्यमिक स्तर यानी कक्षा 9 से 12 के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर- सम्मान और बहादुरी का मिशन’ है। ये मॉड्यूल स्कूली बच्चों में भारत की सैन्य शक्ति के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बनाए गए हैं।
















