गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी के द्वारा महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा एवं कानून में उन्हें प्रदत्त अधिकारों के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन प्रदेश के जिलों में किये जाने का निर्देश दिया गया है। इसी तारतम्य में पुलिस महानिरीक्षक रतनलाल डांगी के मार्गदर्शन पर आज जीपीएम जिले के ग्राम अंडी हायर सेकेंडरी स्कूल में जिला पुलिस जीपीएम के द्वारा महिला एवं बालक/बालिकाओं के ऊपर घटित अपराध, साइबर अपराध, एटीएम , ऑन लाइन, फेसबुक एवं ट्वीटर के माध्यम से फ्राड, यातायात के नियमों का पालन, आत्मसुरक्षा कैसे करें के बारे में जनजागरूकता हेतु एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि त्रिलोक बंसल पुलिस अधीक्षक जीपीएम के द्वारा माँ सरस्वती की पूजा अर्चना कर किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्चना झा के द्वारा उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं जन समुदाय को संबोधित करते हुए साइबर ठगी के मामलों की विस्तृत जानकारी पावर प्रजेंटेशन के माध्यम से उद्बोधन करते हुए साइबर ठगी, ऑनलाइन फ्रॉड, फेसबुक एवं ट्विटर के माध्यम से किए जाने वाले अपराधों के संबंध में विस्तार से सरल भाषा में बताया गया।
महिला सेल प्रभारी निरीक्षक उषा सोंधिया के द्वारा बालक बालिकाओं के ऊपर होने वाले अपराधों एवं महिला संबंधी अपराधों से बचाव के बारे में उदाहरण प्रस्तुत करते हुए विस्तार से जानकारी दिया गया। यातायात प्रभारी सूबेदार विकास नारंग के द्वारा यातायात नियमों के बारे में बताया गया।
इसी बीच शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंडी के छात्राओं के द्वारा देशभक्ति गीत पर नृत्य एवं सुरक्षात्मक उपाय के संबंध में जूडो कराटे का मनमोहक प्रदर्शन मंचासीन अतिथियों एवं छात्र-छात्राओं के बीच प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने छात्र छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ स्वास्थ्य के ऊपर भी ध्यान रखना नितांत आवश्यक है उन्होंने सभी बच्चों से कहा कि व्यायाम,खेल और योग को अपने जीवन में अवश्य शामिल करें साथ ही फिजिकल एक्टिविटी के फायदे बताते हुए दिनचर्या निर्धारण कर पढ़ाई करने के बारे में बताये। ग्रुप स्टडी को जोर देते हुए बच्चों को तनाव न लेकर पढ़ाई करने के तरीके बताए ।
पुलिस अधीक्षक श्री बंसल ने उपस्थित छात्र छात्राओं को पुलिस के बारे में बताते हुए कहा कि पुलिस का काम रक्षा करना है पुलिस को देख कर आप लोगों को डर नहीं लगना चाहिए, डरता वही है जो गलत काम करता है। अंत में छात्र छात्राओं को विद्यालय के प्राचार्य के माध्यम से थाना के कार्य प्रणाली जानने एवं शैक्षणिक भ्रमण हेतु अतिशीघ्र एक कार्यक्रम का आयोजन कर सबको आमंत्रित करने हेतु कहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ,विशिष्ट अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अर्चना झा , विशिष्ट अतिथि रावेन्द्र शुक्ला , प्राचार्य इंद्रपाल सूर्यवंशी, शैक्षणिक स्टाफ, थाना प्रभारी पेण्ड्रा प्रवीण कुमार द्विवेदी, भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारीगण एवं शाला के छात्र-छात्राएं काफी संख्या में उपस्थित थे।












