बीसीसीआई ने 27 अगस्त से यूएई में खेले जाने वाले एशिया कप 2022 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है, विराट कोहली और केएल राहुल की वापसी हुई है, जबकि बुमराह बाहर हो गए हैं…
नईदिल्ली (ए)। एशिया कप 2022 के लिए बीसीसीआई ने 15 सदस्यीय भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया है। टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पीठ की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। पूर्व कप्तान विराट कोहली की टीम में वापसी हुई है। उन्होंने आखिरी बार इंग्लैंड के खिलाफ खेला था। स्टार ओपनर केएल राहुल भी फरवरी के बाद पहली बार टीम में जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। आगामी टी20 टूर्नामेंट के लिए उन्हें टीम का उपकप्तान बनाया गया है। कोविड-19 के चपेट में आने के कारण राहुल वेस्टइंडीज के खिलाफ पिछली सीरीज में भाग नहीं ले पाये थे। स्पोर्ट्स हर्निया सर्जरी से उबरने के बाद टीम में उनकी वापसी हुई है।
बीसीसीआई ने ट्वीट करके ये भी बताया है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और हर्षल पटेल चोट के कारण आगामी टूर्नामेंट में चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। इस टूर्नामेंट के लिए तीन खिलाड़ियों को बैक-अप के रूप में रखा गया है। ये खिलाड़ी श्रेयस अय्यर, दीपक चाहर और अक्षर पटेल हैं। एशिया कप 2022 में भारत को अपना पहला मुकाबला 28 अगस्त को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान के खिलाफ खेलना है।
विराट कोहली और केएल राहुल की हुई वापसी आउट ऑफ फॉर्म बल्लेबाज विराट कोहली को एशिया कप के लिए भारतीय टी20 टीम में चुना गया है। वह 17 जुलाई को इंग्लैंड दौरे के बाद से एक महीने से अधिक के ब्रेक के बाद वापसी कर रहे हैं। उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई वनडे और टी20 सीरीज से आराम दिया गया था और वह जिम्बाब्वे में आगामी वनडे सीरीज के दौरान भी आराम करेंगे। पिछले साल विश्व कप के बाद से कोहली ने सिर्फ चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और 19 मैच मिस किए हैं। उन चार मैचों में उन्होंने 20 की औसत और 128.57 के स्ट्राइक रेट से 81 रन बनाए हैं। इसके अलावा टीम में उपकप्तान केएल राहुल की भी वापसी हुई है, जो स्पोर्ट्स हार्निया की सर्जरी के कारण लंबे समय से टीम से बाहर थे। इस चोट से उबरने के बाद उन्हें कोरोना हो गया था, जिसके कारण वह वेस्टइंडीज का दौरा नहीं कर पाए थे।
जसप्रीत बुमराह का एशिया कप से बाहर होना भारत के लिए बड़ा झटका है। बुमराह के न होने से भारतीय गेंदबाजी यूनिट थोड़ी कमजोर नजर आने वाली है। मोहम्मद शमी को भी टीम में जगह नहीं मिली है। दीपक हुड्डा और सूर्यकुमार यादव को खेल के सबसे छोटे प्रारूप में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने का ईनाम मिला है। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप और स्पिनर रवि बिश्नोई भी 15 सदस्यीय टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। अर्शदीप और रवि सफेद गेंद वाले क्रिकेट में चयनकर्ताओं को प्रभावित करने में सफल हुए हैं। एशिया कप टीम से ईशान किशन और संजू सैमसन को भी बाहर रखा गया है। संजू ने पिछले कुछ मैचों में अच्छा प्रदर्शन किया था।
27 अगस्त से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत सहित 6 टीमें हिस्सा लेंगी। भारत, पाकिस्तान और क्वालीफाईंग टूर्नामेंट जीतने वाली टीम ग्रुप ए में शामिल है, जबकि श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश ग्रुप बी में है। सभी मैच स्थानीय समयानुसार शाम 6 बजे (भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे) शुरू होंगे। दुबई में दस मैच और शारजाह में तीन मैच होंगे। प्रतियोगिता में छठी टीम निर्धारित करने के लिए क्वालीफाइंग दौर 20 अगस्त से ओमान में शुरू होगा। भारत और पाकिस्तान के साथ ग्रुप ए में जगह बनाने के लिए प्रतस्पिर्धा करने वाली टीमें यूएई, कुवैत, सिंगापुर और हॉन्ग कॉन्ग हैं।
मुख्य प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम अपने ग्रुप में अन्य दो टीमों से एक-एक बार खेलेगी, और प्रत्येक ग्रुप की शीर्ष दो टीमें 3 सितंबर से शुरू होने वाली सुपर 4 राउंड में प्रवेश करेंगी। सुपर 4 राउंड की टीमें एक-दूसरे से एक-एक बार खेलेंगी, शीर्ष दो टीमें 11 सितंबर को होने वाले फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी। एशिया कप का यह संस्करण श्रीलंका में आयोजित होने वाला था, लेकिन आर्थिक संकट के चलते इसे पिछले महीने यूएई में स्थानांतरित कर दिया गया था। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) टूर्नामेंट का आधिकारिक मेजबान बना रहेगा।
गत चैंपियन भारत टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम है। टीम इंडिया ने सात बार ट्रॉफी जीती है। टूर्नामेंट का पिछला संस्करण वनडे प्रारूप में आयोजित किया गया था, लेकिन आगामी टी20 वर्ल्ड को देखते हुए आगामी संस्करण टी20 प्रारूप में होगा। एशिया कप के मैच दुबई और शारजाह में खेले जाने हैं।
🚨#TeamIndia squad for Asia Cup 2022 – Rohit Sharma (Capt ), KL Rahul (VC), Virat Kohli, Suryakumar Yadav, Deepak Hooda, R Pant (wk), Dinesh Karthik (wk), Hardik Pandya, R Jadeja, R Ashwin, Y Chahal, R Bishnoi, Bhuvneshwar Kumar, Arshdeep Singh, Avesh Khan.
— BCCI (@BCCI) August 8, 2022
एशिया कप के लिए भारतीय टीम:
रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, दीपक हुड्डा, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पांड्या, रविंद्र जडेजा, अश्विन, युजवेंद्र चहल, रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, अवेश खान।
एशिया कप के लिए बैकअप खिलाड़ी
श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल और दीपक चाहर
एशिया कप 2022 शेड्यूल
27 अगस्त, श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान, ग्रुप बी, शाम 7:30 बजे से, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
28 अगस्त, भारत बनाम पाकिस्तान, ग्रुप ए, शाम 7:30 बजे से, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
30 अगस्त, बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान, ग्रुप बी, शाम 7:30 बजे से, शारजाह क्रिकेट स्टेडियम
31 अगस्त, भारत बनाम TBC, ग्रुप ए, शाम 7:30 बजे से, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
1 सितंबर, श्रीलंका बनाम बांग्लादेश, ग्रुप बी, शाम 7:30 बजे से, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
2 सितंबर, पाकिस्तान बनाम TBC, ग्रुप ए, शाम 7:30 बजे से, शारजाह क्रिकेट स्टेडियम
3 सितंबर, TBC बनाम TBC (B1 vs B2), सुपर फोर, शाम 7:30 बजे से, शारजाह क्रिकेट स्टेडियम
4 सितंबर, TBC बनाम TBC (A1 vs A2), सुपर फोर, शाम 7:30 बजे से, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
6 सितंबर, TBC बनाम TBC (A1 vs B1), सुपर फोर, शाम 7:30 बजे से, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
7 सितंबर, TBC बनाम TBC (A2 vs B2), सुपर फोर, शाम 7:30 बजे से, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
8 सितंबर, TBC बनाम TBC (A1 vs B2), सुपर फोर, शाम 7:30 बजे से, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
9 सितंबर, TBC बनाम TBC (B1 vs A2), सुपर फोर, शाम 7:30 बजे से, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम
11 सितंबर, TBC बनाम TBC, फाइनल, दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम।















