BREAKING

दुर्ग-भिलाई

एक भारत श्रेष्ठ भारत’ मल्टीमीडिया चित्र प्रदर्शनी का रंगारंग आगाज, विधायक कुंवर सिंह निषाद ने किया उद्घाटन..

गुंडरदेही/बालौद। प्रादेशिक लोकसंपर्क कार्यालय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय भारत सरकार की ओर से गुंडरदेही स्थित सामुदायिक भवन में त्रिदिवसीय चित्र प्रदर्शनी का भव्य आगाज स्थानीय विधायक कुंवर सिंह निषाद व पद्मश्री शमशाद बेगम के हाथों द्वीप प्रज्वलित कर हुआ। इस अवसर पर प्रादेशिक लोकसंपर्क कार्यालय रायपुर के अपर महानिदेशक सुदर्शन पंतोड़े व प्रादेशिक लोकसंपर्क कार्यालय के प्रमुख शैलेष फाये मौजूद रहे। विधायक निषाद ने प्रदर्शनी का बारीकी से अवलोकन किया व प्रदर्शनी में लगी तस्वीरों को देखकर अभिभूत हुए। उन्होंने प्रदर्शनी में मौजूद विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के आदर्शों पर चलकर देश को एकसूत्र में पिरोना संभव है। विधायक ने कहा कि प्रदर्शनी से लोगों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के कार्यों को आसानी से समझा जा सकता है। पद्मश्री शमशाद बेगम ने गीत के माध्यम से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दिखाए रास्ते पर चलकर ही देश को एकसूत्र में बांध कर श्रेष्ठ बनाया जा सकता है।
प्रादेशिक लोकसंपर्क कार्यालय के अपर महानिदेशक सुदर्शन पंतोड़े ने चित्र प्रदर्शनी के बारे में बीज वक्तव्य दिया। उन्होंने भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एक प्रांत के लोगों को दूसरे प्रांत के लोगों की भाषा, रहन-सहन व खानपान के बारे में जानना चाहिए। अपर महानिदेशक ने लोगों को बताया कि एक भारत-श्रेष्ठ भारत अभियान के तहत गुजरात छत्तीसगढ़ का सहभागी राज्य है। उन्होंने एक भारत-श्रेष्ठ भारत को गुजराती व छत्तीसगढ़ी में बोल कर समझाया।
प्रादेशिक लोकसंपर्क कार्यालय के प्रमुख शैलेष फाये ने स्वागत वक्तव्य दिया। उन्होंने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। एक भारत श्रेष्ठ भारत के विशेषता के बारे में बताते हुए उन्होंने सभी अतिथियों का आभार माना। स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता चंद्रहास साहू ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों के बारे में जानकारी दी। इससे पूर्व स्कूली विद्यार्थियों, स्वयं सहायता समूह की महिलायें द्वारा रैली निकाली गई. रैली को हरी झंडी नप अध्यक्ष रानू हेमंत सोनकर, एडीजी सुदर्शन पनतोड़े ने दिखाई। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ तकनीकी सहायक प्रदीप विश्वकर्मा ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी डाॅ. प्रेम कुमार, क्षेत्रीय प्रचार सहायक बीएस ध्रुव, चंद्रहास निरंकारी, आलोक चंद्राकर, कांदुल सरपंच प्रतिभा देवदास, गायत्री साहू, रितेश देवांगन, खूबलाल साहू, दानेश्वर साहू, कविता गेंद्रे, गजाला मसूरी, भीमेश्वरी शांडल्य, कालिंदा निषाद, पूर्णिमा देशमुख, रामस्वरूप साहू, अनीता उइके, निधि स्वर्णकार समेत अन्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर स्थानीय स्कूली विद्यार्थियों ने विविध प्रकार की पेंटिंग बना कर ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के बारे में बताया। पेंटिंग के माध्यम से कई विद्यार्थियों ने गुजरात की संस्कृति, गुजरात के क्षेत्र, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छता अभियान आदि के बारे में संदेश दिया। प्रतियोगिता में कुल 24 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
मौके पर भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के गीत एवं नाटक प्रभाग के कलाकारों द्वारा छत्तीसगढ़ी में एक भारत-श्रेष्ठ भारत के बारे में समझाया गया। छत्तीसगढ़ी कलाकारों के प्रदर्शन ने लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। माध्यमिक विद्यालय स्थित मैदान में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कबड्डी स्पर्धा में स्थानीय कबड्डी खिलाडी बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेंगे।

Related Posts