BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्डविविध

एक बदलाव के साथ फाइनल में उतर सकती है भारतीय टीम, ऐसी हो सकती है प्लेइंग इलेवन

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खिताबी मैच में टीम इंडिया एक बदलाव के साथ उतर सकती है. भारत के अभ्यास सत्र से इसके संकेत मिले हैं…

अहमदाबाद (ए)। 2023 वर्ल्ड कप के लिए फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को धूल चटाने के लिए टीम इंडिया तैयार है. फाइनल मुकाबले में कई समीकरण भी भारत के पक्ष में हैं. टीम की मौजूदा फॉर्म और घरेलू कंडीशंस को देखते हुए भारत खिताब जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है. सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार जीत दर्ज की. हालांकि, फाइनल में रोहित ब्रिगेड एक बदलाव के साथ उतर सकती है. इसके संकेत शुक्रवार को भारतीय टीम के अभ्यास से मिले हैं।

भारतीय क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया. इस दौरान कप्तान रोहित शर्मा ने स्लिप की फील्डिंग का काफी अभ्यास किया. इससे ऐसे कयास लगाए जाने लगे कि फाइनल मैच में पिच स्पिनर्स के अनुकूल हो सकती है. इसके अलावा सीनियर ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी गेंदबाजी का जमकर अभ्यास किया।

तीन स्पिनर्स के साथ उतर सकती है टीम इंडिया रोहित शर्मा की स्लिप फील्डिंग और अश्विन की बॉलिंग को देखने के बाद ऐसी उम्मीद की जा रही है कि भारत फाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन स्पिनर्स के साथ उतर सकता है. अगर प्लेइंग इलेवन में अश्विन को जगह मिलती है तो फिर मोहम्मद सिराज को बाहर बैठना पड़ सकता है. इसके अलावा टीम में किसी भी बदलाव की उम्मीद नहीं है।

अश्विन को खिलाने के कई हैं कारण फाइनल में अश्विन को खिलाने के कई कारण हैं. दरअसल, अश्विन का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार रहा है. इसके अलावा वह डेविड वॉर्नर के सामने भी काफी असरदार रहे हैं. वहीं ऑस्ट्रेलिया के दोनों ओपनर लेफ्टी हैं. यह भी एक वजह है कि भारत टीम में ऑफ स्पिनर को शामिल कर सकता है।

20 साल बाद भारत-ऑस्ट्रेलिया की टीमें वर्ल्ड कप में एक दूसरे के सामने होंगी. इससे पहले दोनों ही टीमें साल 2003 के वर्ल्ड कप में एक दूसरे से दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में भिड़ी थीं. साल 2003 के वर्ल्ड कप में सौरव गांगुली की अगुवाई वाली भारतीय टीम को रिकी पोंटिंग की अगुवाई वाली ऑस्ट्रेलिया टीम से 125 रनों से हार का सामना करना पड़ा था।

चौथी बार वर्ल्ड कप फाइनल में भारत साल 2023 में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को लीग स्टेज मुकाबले में हराया है. साल 2003 में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारतीय टीम को लीग स्टेज के मुकाबले में हराया था. साल 2003 के फाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया टीम ने भारत को हराकर तीसरा वर्ल्ड कप खिताब जीता था, साल 2023 में वही समीकरण भारतीय टीम के लिए बने हैं. भारतीय टीम ने सबसे पहले साल 1983 में कपिल देव की अगुवाई में वर्ल्ड कप खिताब जीता था, इसके बाद भारत के सबसे सफल कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में साल 2011 में वर्ल्ड कप में जीता था. भारत चौथी बार वर्ल्ड कप में फाइनल मुकाबला खेलेगा. दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया की टीम छठी बार खिताब की तलाश में रविवार को मैदान में उतरेगी।

फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन- रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज/रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह.

Related Posts