30 दिसंबर 2022 को ऋषभ पंत एक कार दुर्घटना में बुरी तरह से घायल हो गए थे, जिसके बाद उनकी घुटने की सर्जरी भी हुई, अब वह करीब 40 दिन बाद अपने पैरों पर खड़े हुए…
नईदिल्ली (ए)। भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत 30 दिसंबर 2022 को एक कार दुर्घटना में काफी बुरी तरह से घायल हो गए थे. उसके बाद अस्पताल में लगभग 1 महीना बिताने के बाद अब वह अपने घर पहुंच गए हैं, जहां से वह लगातार अपनी रिकवरी को लेकर सोशल मीडिया पर फैंस को अपडेट देते रहते हैं. अब ऋषभ ने 10 फरवरी की शाम को एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने फोटो भी पोस्ट की है. इन फोटो में साफ दिख रहा है कि उन्होंने अब थोड़ा-थोड़ा चलना भी शुरू कर दिया है।
ऋषभ पंत ने अपने इस ट्वीट में फोटो पोस्ट करने के साथ लिखा कि एक कदम आगे, एक कदम और मजबूत, एक कदम बेहतर. पंत के इस पोस्ट से साफ पता चलता है कि उनकी रिकवरी काफी सही चल रही है. बता दें कि नए साल के लिए पंत अपने घर रुड़की खुद कार चलाकर जा रहे थे, इसी दौरान नेशनल हाईवे पर उनकी कार अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
इस दुर्घटना में पंत की कार जहां पूरी तरह से जल गई, वहीं वह भी गंभीर रूप से घायल हुए. हालांकि, हादसे में वह बाल-बाल बच गए. उस समय पंत को देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था. कुछ दिन बाद घुटने की सर्जरी के लिए उन्हें एयरलिफ्ट कर मुंबई स्थित कोकिलाबेन अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया था।
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज में दिखा था शानदार फॉर्म पंत ने भारतीय टीम के लिए साल 2022 के अंत में बांग्लादेश के दौरे पर खेली गई 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में काफी शानदार प्रदर्शन किया था. इस टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में जहां उनके बल्ले से 46 रनों की अहम पारी देखने को मिली थी, वहीं दूसरे मैच में उन्होंने टीम की पहली पारी के दौरान 93 रन बनाए थे।
इसके बाद सभी को उम्मीद थी कि ऋषभ अब ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया के लिए एक बार फिर से मैच विनर की भूमिका निभाते हुए नजर आयेंगे. लेकिन ऐसा नहीं हो सका. अब उनकी जगह बॉर्डर-गावस्कर सीरीज में केएस भरत खेल रहे हैं. अभी तक यह साफ नहीं हुआ है कि पंत मैदान पर कब वापसी करेंगे, लेकिन इस बीच कई रिपोर्ट्स में यह दावा किया गया कि वह इस साल एक्शन में नहीं दिखाई देंगे।
One step forward
One step stronger
One step better pic.twitter.com/uMiIfd7ap5— Rishabh Pant (@RishabhPant17) February 10, 2023















