BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव आज: सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा मतदान, शाम छह बजे शुरू होगी गिनती

उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव आज कराए जाएंगे। सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का पलड़ा भारी है। NDA का खेमा अपने प्रत्याशी राधाकृष्णन जीत का अंतर बड़ा करने की कोशिश में लगा है। मतदान संसद भवन में सुबह 10 बजे शुरू होगा और शाम 5 बजे तक चलेगा। मतों की गिनती शाम छह बजे शुरू होगी…

 

 

नईदिल्ली (ए)। देश के 17वें उपराष्ट्रपति का फैसला मंगलवार को हो जाएगा। चुनाव में राजग उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का पलड़ा अपने प्रतिद्वंद्वी व विपक्षी गठबंधन इंडिया के साझा उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी की तुलना में भारी माना जा रहा है। बीजू जनता दल (बीजद), शिराेमणि अकाली दल (शिअद) और भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने चुनाव से दूर रहने का फैसला किया है। इससे राजग की स्थिति और मजबूत हो गई है।

जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद हो रहे इस चुनाव में सत्तारूढ़ राजग की निगाहें जीत का अंतर बड़ा करने पर टिकी हैं। इसके लिए भाजपा और कांग्रेस से समान दूरी बनाए दलों को साधने के साथ विपक्षी गठबंधन में शामिल दलों के कुछ सांसदों का समर्थन हासिल करने की कोशिश है। भाजपा सूत्रों का दावा है, उसे भाजपा-कांग्रेस से समान दूरी बना कर रखने वाले 48 सांसदों वाले खेमे से ज्यादातर मत मिलेंगे। भाजपा की निगाहें तीन निर्दलीय सांसदों के अलावा जेडपीएम, वीओटीटीपी के एक-एक वोट पर भी हैं।

वहीं, विपक्ष की कोशिश इस चुनाव के बहाने एकजुटता दिखाने की है। विपक्ष भी राजग खेमे में सेंध लगाने की कोशिश में जुटा है। गठबंधन को सहयोगियों से इतर एआईएमआईएम, आजाद समाज पार्टी व चार निर्दलीय सांसदों का समर्थन मिला है। रणनीतिकारों को उम्मीद है कि संविधान बचाओ के दांव व अंतरात्मा की आवाज पर वोट  और तेलुगु प्राइड की अपील से राजग में सेंध लगाई जा सकती है।

बीजद ने राजग और विपक्षी गठबंधन से समान दूरी की नीति याद दिलाते हुए मतदान से दूर रहने की घोषणा की। इसका लाभ राजग उम्मीदवार को ही मिलेगा क्योंकि जीत के लिए जरूरी मतों की संख्या 391 से घट कर 387 रह जाएगी। इसके इतर बीआरएस (4 वोट) ने तेलुगु प्राइड के सियासी जाल में उलझने और जुबली हिल्स विधानसभा उपचुनाव में निर्णायक मुस्लिम मतदाताओं की नाराजगी मोल लेने से बचने के लिए चुनाव से दूरी बनाने का संकेत दिया है।

आज उपराष्ट्रपति चुनाव में सही मतदान कराने के लिए दो दर्जन सांसदों की ड्यूटी लगाई गई है, जो प्रत्येक सदस्य की उपस्थिति दर्ज करेंगे। उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी का नाम बैलेट पेपर में पहले नंबर पर है। उनके पोलिंग एजेंट सैयद नासिर हुसैन और शताब्दी राय हैं, जबकि कांग्रेस सांसद शक्ति सिंह गोहिल और मणिकम टैगोर मतगणना एजेंट है।

शिवसेना संसदीय दल के नेता श्रीकांत शिंदे को उपराष्ट्रपति चुनाव में राजग के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन का अधिकृत प्रतिनिधि नियुक्त किया गया है।

Related Posts