BREAKING

खास खबरछत्तीसगढ़फीचर्ड

उपराष्ट्रपति और लोकसभा अध्यक्ष आज छत्तीसगढ़ प्रवास पर: छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रबोधन कार्यक्रम में होंगे शामिल, कल आयेंगे गृहमंत्री अमित शाह

रायपुर। छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों को विधानसभा की कार्यप्रणाली और संसदीय प्रक्रियाओं की जानकारी देने के लिए 20 जनवरी से शुरू हो रहे दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का शुभारंभ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला करेंगे। प्रबोधन कार्यक्रम के पहले दिन अंतिम सत्र में भारत के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और दूसरे दिन के अंतिम सत्र में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह नवनिर्वाचित विधायकों को सम्बोधित करेंगे।

प्रबोधन कार्यक्रम के पहले दिन 20 जनवरी को उद्घाटन सत्र प्रातः 11 बजे से शुरू होगा। उद्घाटन सत्र को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला सम्बोधित करेंगे। इसके बाद प्रथम सत्र दोपहर 1 बजे से शुरू होगा। इस सत्र में उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना, ध्यानाकर्षण सूचना, लोक महत्व के विषय पर व्याख्यान देंगे। द्वितीय सत्र दोपहर 2.50 से शुरू होगा। इस सत्र में केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया और तृतीय सत्र में भारत के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आशीष वचन देंगे। तृतीय सत्र शाम 4.15 बजे से प्रारंभ होगा।

प्रबोधन कार्यक्रम के दूसरे दिन 21 जनवरी को प्रथम सत्र प्रातः 11 बजे शुरू होगा। इस सत्र में विधानसभा सदस्य एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर प्रश्न, प्रश्नकाल, प्रश्न से उद्भुत विषय पर व्याख्यान देंगे। द्वितीय सत्र दोपहर 12.15 बजे से शुरू होगा। इस सत्र में पूर्व मंत्री एवं पूर्व अध्यक्ष छत्तीसगढ़ विधानसभा प्रेम प्रकाश पाण्डेय आय-व्यय, अनुदान मांगों पर चर्चा, कटौती प्रस्ताव, लेखा अनुदान, अनुपूरक अनुदान आदि विषयों पर व्याख्यान देंगे।

तृतीय सत्र दोपहर 2.30 बजे से शुरू होगा। इस सत्र में विधानसभा सदस्य एवं पूर्व अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक विधानसभा की समितियों एवं अशासकीय कार्याें पर व्याख्यान देंगे। चतुर्थ सत्र शाम 4.15 बजे प्रारंभ होगा। इस सत्र में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह प्रभावी विधायक कैसे बने इस विषय पर व्याख्यान देंगे।

Related Posts