नागपुर टेस्ट में रवींद्र जडेजा उंगलियों पर क्रीम लगाते नजर आए थे, इस पर काफी बवाल भी मचा था, अब ICC ने इस मामले में एक्शन लिया है…
नागपुर (ए)। बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी 2023 के पहले मुकाबले के पहले दिन रवींद्र जडेजा गेंदबाजी के दौरान अपनी उंगलियों पर क्रीम लगाते नजर आए थे. अब उन्हें ऐसा करना भारी पड़ गया. उनकी 25% मैच फीस काट ली गई है. ऐसा इसलिए किया गया है क्योंकि जडेजा ने यह क्रीम अंपायर की अनुमति के बगैर लगाया था. इसके साथ ही जडेजा को एक डिमैरिट पॉइंट भी दिया गया है।
इस मामले पर ICC ने एक बयान जारी कर कहा है, ‘रवींद्र जडेजा को आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.20 का उल्लंघन करते पाया गया है, जो कि खेल भावना के विपरीत आचरण प्रदर्शित करने से सम्बंधित है. इसी के साथ ही जडेजा के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमैरिट पॉइंट्स भी जोड़ा गया है. 24 महीने की अवधि में यह उनका पहला अपराध है।
जडेजा द्वारा उंगलियों पर क्रीम लगाने की यह घटना नागपुर टेस्ट के पहले दिन ऑस्ट्रेलियाई पारी के 46वें ओवर की है. जडेजा ने मोहम्मद सिराज के हाथों से क्रीम लेकर अपनी उंगलियों पर लगाया था. इसके बाद वह ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर्स से लेकर कमेंटेटर्स और फैंस तक के निशाने पर आ गए थे. उनके इस तरह से क्रीम लगाने को बॉल टेम्परिंग से जोड़ा जाने लगा था।
मैच रेफरी ने इस पर जडेजा से सवाल भी किए थे, जिसके जवाब में इस ऑलराउंडर ने बताया था कि यह मेडिकल परपस से यह क्रीम उंगलियों पर लगाया गया था. जडेजा के जवाब से अंपायर संतुष्ट थे. इसके साथ ही यह भी साफ हो गया था कि उंगलियों पर क्रीम लगाने से बॉल की कंडीशन में कोई बदलाव नहीं हुआ था।
भारत ने सीरीज में बनाई 1-0 की बढ़त नागपुर टेस्ट में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को पारी और 132 रन से करारी शिकस्त दी है. भारतीय गेंदबाजों ने सबसे पहले ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में महज 177 रन पर समेट दिया था, जवाब में भारतीय टीम ने अपनी पारी में 400 रन का विशाल स्कोरी खड़ा किया. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी महज 91 रन पर ही ढेर हो गई. इस तरह भारत के पास चार मैचों की टेस्ट सीरीज में अब 1-0 की लीड हो गई है।















