लोकसभा चुनाव में ‘पीली साड़ी’ वाली महिला कार्मिक के रूप में मशहूर हुईं रीना द्विवेदी पर सभी की नजर थी, पोलिंग पार्टियों की रवानगी के समय स्मृति उपवन में मीडिया के कैमरे रीना द्विवेदी की ओर घूमे हुए थे…
लखनऊ (ए)। चुनाव की ड्यूटी सिर्फ एक जिम्मेदारी भर नहीं है, यह लोकतंत्र के पर्व में एक अहम हिस्सा होना भी है। यही वजह है कि भूमिका को खुशी और उत्साह से करने वाले मतदानकर्मी अन्य के लिए उदाहरण बन जाते हैं।
वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में ‘पीली साड़ी’ वाली महिला कार्मिक के रूप में मशहूर हुईं रीना द्विवेदी पर सभी की नजर थी। पोलिंग पार्टियों की रवानगी के समय स्मृति उपवन में मीडिया के कैमरे रीना द्विवेदी की ओर घूमे हुए थे। कुछ दिन पहले से ही फेसबुक, ट्विटर, वाट्सअप पर मैसेज वायरल होने लगे थे कि इस बार उनकी ड्यूटी कहां है। जब वह ईवीएम और किट लेने पहुंची तो कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी ली।
पीडब्ल्यूडी में तैनात रीना द्विवेदी की इस बार ड्यूटी 176 मोहनलालगंज मतदेय स्थल नंबर 114 प्राथमिक विद्यालय बस्तियां के कक्ष संख्या दो पर है। वह आज स्मृति उपवन पहुंचकर अपनी ड्यूटी चार्ट लेकर पोलिंग बूथ के लिए रवाना हुई। रीना ने कहा कि वे अपनी ड्यूटी को उत्साहपूर्वक करने जा रही हूं।
नेटवर्क न आने से परेशानी- स्मृति उपवन में बड़ी संख्या में सुबह से कर्मचारी पहुंचने लगे। बड़ी संख्या में एक साथ लोगों के पहुंचने से मोबाइल का नेटवर्क धड़ाम हो गया। एक ही बूथ के कर्मचारियों को अपने साथी कर्मचारी को खोजने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
जांच कर दी ईवीएम-वीवी पैट- मतदान ड्यूटी के लिए आशियाना स्थित स्मृति उपवन से पोलिंग पार्टियों की रवानगी मंगलवार को हुई। अधिकारियों को ईवीएम और वीवीपैट मशीन जांच करवाकर दी गई।
2019 के चुनाव वायरल हुई थी पीली साड़ी वाली तस्वीर
मूल रूप से देवरिया की रहने वाली रीना द्विवेदी की तस्वीर 2019 के लोकसभा चुनाव में भी खूब वायरल हुई थी।
सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उनका TikTok अकाउंट भी ढूंढ़ निकाला था। इस बार यूपी विधानसभा चुनाव के दौरान चौथे चरण के मतदान से पहले ही रीना की चर्चा होने लगी थी और अब उनकी तस्वीर वायरल हो रही है।

















