नईदिल्ली (ए)। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है। तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी और रवींद्र जडेजा की टीम में वापसी हुई है, जबकि हनुमा विहारी को भी टीम में रखा गया है। आईपीएल में खराब प्रदर्शन के बावजूद शुभमन गिल को टीम में जगह दी गई है। इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में जबरदस्त गेंदबाजी करने वाले अक्षर पटेल भी अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं। ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को टीम में शामिल नहीं किया गया है।
India's squad: Virat Kohli (C), Ajinkya Rahane (VC), Rohit Sharma, Gill, Mayank, Cheteshwar Pujara, H. Vihari, Rishabh (WK), R. Ashwin, R. Jadeja, Axar Patel, Washington Sundar, Bumrah, Ishant, Shami, Siraj, Shardul, Umesh.
KL Rahul & Saha (WK) subject to fitness clearance.
— BCCI (@BCCI) May 7, 2021
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करने वाले मोहम्मद सिराज को टीम में रखा गया है। दूसरे ओपनर के तौर पर मंयक अग्रवाल को टीम में शामिल किया गया है। वॉशिंगटन सुंदर और शार्दुल ठाकुर भी टीम में अपनी जगह बनाने में सफल रहे हैं। जडेजा और मोहम्मद शमी ऑस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल होने के बाद इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं रहे थे। जडेजा का प्रदर्शन आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से शानदार रहा था और उन्होंने हर्षल पटेल के एक ओवर में 37 रन जड़कर खूब वाहवाही लूटी थी। हार्दिक पांड्या के कंधे में कुछ समस्या रही थी, जिसके चलते वह मुंबई इंडियंस के लिए भी गेंदबाजी करते हुए दिखाई नहीं दिए थे और यही वजह है कि उनको टीम में नहीं शामिल किया गया है।
भारतीय टीम ने इंग्लैंड को टेस्ट सीरीज में 3-1 से हराकर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपनी जगह बनाई थी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज रद्द होने के चलते न्यूजीलैंड की टीम फाइनल में पहुंची थी। डब्ल्यूटीसी का फाइनल मैच पहले लॉर्ड्स के मैदान खेला जाना था, लेकिन कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए इसको साउथैम्पटन में करवाने का फैसला लिया गया। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच 18 से 22 जून तक खेला जाएगा। इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी, जिसका पहला मैच 4 अगस्त से नॉटिंघम में खेला जाएगा।
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल
18-22 जून, साउथैम्पटन
इंग्लैंड बनाम भारत टेस्ट सीरीज
पहला टेस्ट- 4-8 अगस्त, नॉटिंघम
दूसरा टेस्ट- 12-16 अगस्त, लंदन
तीसरा टेस्ट- 25-29 अगस्त, लीड्स
चौथा टेस्ट- 2-6 सितंबर, लंदन
पांचवां टेस्ट- 10-14 सितंबर, मैनचेस्टर















