दुर्ग। परिवहन और पुलिस विभाग की टीम ने आज बीएसपी परिसर के भीतर चल रहे भारी वाहनों की बड़े पैमाने पर जांच की। जांच में अनेक विसंगति पाई गई। दिन भर यह कार्रवाई चली। कल हुई कार्रवाई में 17 गाड़ियों पर फिटनेस, रेजिस्ट्रेशन, टैक्सेशन जैसी विसंगतियों पर कार्रवाई की गई।
परिवहन आयुक्त दीपांशु काबरा एवं दुर्ग कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे के निर्देशासनुसार भिलाई इस्पात संयंत्र में आरटीओ एवं पुलिस विभाग की सयुंक्त टीम द्वारा लगातार दूसरे दिन बड़े पैमाने में वाहनों की जांच की गई। इस हेतु एआरटीओ मृत्युंजय प्रसाद पटेल के नेतृत्व में सात सदस्यीय जांच टीम परिवहन मुख्यालय रायपुर से विशेष रूप से भेजी गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय ध्रुव के नेतृत्व में पुलिस टीम एवम फ्लाईंग स्क्वाड दुर्ग की टीम के द्वारा सयंत्र परिसर में प्रवेश कर परिसर के भीतर चल रही हेवी वीकल्स की जांच की गई जिसमें बड़े पैमाने में विसंगतियां पाई गई। फिटनेस, टेक्ससेशन, रजिस्ट्रेशन, परमिट आदि में कमी के आधार पर 17 वाहनों में कार्यवाही कर जब्ती की कार्यवाही की गई है।
शेष कार्यवाही अभी जारी है। लाखों का टैक्स बकाया एवं बिना रजिस्ट्रेशन की वाहन परिसर के भीतर चलती पाई गई। कल भी 12 से अधिक वाहनों में अनियमितता को देखते हुए जब्ती की कार्यवाही की गई थी । चरण बद्ध रूप से ये कारवाही अभी जारी रहेगी। 19 से अधिक वाहनों को नोटिस जारी कर समस्त कागजातों के साथ आहूत किया गया है।















