भिलाई 3। नगर पालिक निगम भिलाई चरोदा सीमा में जिला प्रशासन से प्राप्त निर्देशानुसार विगत दो दिनों से सर्विस रोड पर जाम किए बोर्ड, मार्ग अवरूद्व करने वाले फ्लैक्स एवं रास्ता जाम करने वाले सामान जब्त करने की कार्यवाही की जा रही है। बता दे कि कलेक्टर दुर्ग द्वारा सर्विस रोड पर लगने वाले जाम की शिकायतो पर संज्ञान लेते हुए जिले के सभी 04 निगमों को आवश्यक कार्यवाही करते हुए अतिक्रमण-जाम हटाने निर्देशित किया गया है।
जिसके कारण नगर निगम भिलाई- चरोदा, भिलाई, रिसाली तथा दुर्ग की टीमे निरंतर कुम्हारी से लेकर दुर्ग तक पैदल-दो पहिया वाहनो द्वारा उपयोग करने वाली सड़क को चलने योग्य बनाने अभियान चला रही है। सोमवार को दिनांक 09.01.2023 जब भिलाई 03 के सिरसा गेट से डबरापारा तक दोनो ओर एक साथ तोडू दस्ते ने कार्य प्रारंभ किया तो प्रशासनिक अमले को देख व्यापारियों दुकानदारो ने भी नगरीय प्रशासन विभाग का सहयोग करना आरंभ कर दिया। गौरतलब है कि अपने सामान, बोर्ड तथा वाहनों को बिना किसी भय के बेतरतीब रखने के कारण सर्विस रोड पर आए दिन दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। जिसे दूर करने के उद्देश्य से ही प्रशासन द्वारा यह कार्यवाही की जाती है।
निगम भिलाई- चरोदा आयुक्त अजय त्रिपाठी के निर्देशन में स्वास्थ्य अधिकारी अश्विनी चंद्राकर, स्वच्छता निरीक्षक बीनू वर्मा तथा जेसीबी, डंपर चालक कार्य की पूर्णता हेतु उपस्थित रहे। इस दौरान सार्वजनिक स्थानों से 145 नग बैनर पोस्टर हटाये गए तथा 02 नग कंडम वाहनो को भी हटाया गया। भिलाई-चरोदा क्षेत्र से जुर्माने के तौर पर 36200.00 राशि भी वसूल की गई है। महापौर निर्मल कोसरे ने क्षेत्र के व्यवसायीयों से अपील करते हुए सर्विस रोड बाधित नही करने का आग्रह किया है। उक्त जानकारी निगम जनसंपर्क विभाग से विकास चंद्र त्रिपाठी द्वारा प्रदान की गई।














