गुजरात के अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले वाला यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 12 बजे से खेला जाएगा. इस दिन शहर का मौसम कैसा रहेगा, हर क्रिकेटप्रेमी इस पर नजर बनाए हुए है…
अहमदाबाद (ए)। पूरा देश इस समय 2023 क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल का बेसब्री से इंतजार कर रहा है. हर देशवासी चाहता है कि टीम इंडिया कंगारुओं से 2003 विश्व कप में मिली हार का बदला ले. कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक फैंस फाइनल में टीम इंडिया की जीत की दुआ कर रहे हैं. हर कोई चाहता है कि रविवार को रोहित शर्मा अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में जीत का परचम लहराएं. भारत की फॉर्म और खिलाड़ियों के जज्बे को देखते हुए ऐसा कहा जा रहा है कि रविवार को भारतीय टीम आईसीसी ट्रॉफी के सूखे को खत्म कर देगी।
2023 वर्ल्ड कप फाइनल के आगाज में अब कुछ ही घंटे वक्त रह गया है. शनिवार को दोनों टीमों ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अभ्यास किया. इससे पहले दोनों टीमों के कप्तानों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की. इस दौरान रोहित शर्मा और पैट कमिंस दोनों ने फाइनल के लिए अपनी अपनी तैयारियों पर खुलकर बात की।
बता दें कि 2013 से टीम इंडिया ने आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीती है. आखिरी बार महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 2013 चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा किया था. इसके बाद से भारतीय टीम ने कई वनडे वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप और वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल व सेमीफाइनल में प्रवेश किया है, लेकिन खिताब नहीं जीता है. हालांकि, अब ऐसा माना जा रहा है कि रविवार को 10 साल का सूखा खत्म हो जाएगा।
भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक रविवार को अहमदाबाद का मौसम खेल आयोजन को लेकर पूरी तरह से अनुकूल रहेगा. दोनों टीमों के पिच पर भिड़ने के लिए मौसम बिल्कुल उपयुक्त रहेगा. खिली धूप और साफ आसमान के साथ अधिकतम तापमान के 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड होने का अनुमान जताया गया है।
मौसम विभाग ने रविवार को बिल्कुल भी बारिश नहीं होने की संभावना जताई है, जबकि शाम के वक्त खेल के बढ़ने के साथ आर्द्रता का स्तर बढ़ने की उम्मीद है. आसान शब्दों में कहें तो मैच में बारिश की ओर से किसी भी तरह का व्यवधान पड़ने की संभावना नहीं है।
आईएमडी के मुताबिक, अहमदाबाद के मौसम का 19 से 22 नवंबर तक साफ रहने का अनुमान है. वहीं, 23 और 24 नवंबर को भी धूप खिली रहेगी. रविवार के बाद अगले 3 दिनों यानी 22 नवंबर तक शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. इसके अलावा 23 व 24 नवंबर को तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी के साथ 34 डिग्री रहने की संभावना है।
पिच को लेकर क्या बोले रोहित शर्मा फाइनल से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में रोहित शर्मा ने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच के विकेट पर कोई घास नहीं थी. इस विकेट पर थोड़ी घास है. वो विकेट इससे सूखा था, मैं नहीं जानता, शायद आपको पता होगा. मैंने आज अभी तक विकेट नहीं देखा है लेकिन मेरी समझ से यह थोड़ा धीमा रहेगा. यह बहुत ज्यादा बदलने वाला नहीं है, लेकिन हमेशा अच्छा होता है कि आप खेल के दिन पिच को देखें और फिर आकलन करें।
इस कारण भारत का पलड़ा है भारी ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया का पलड़ा भारी माना जा रहा है. इसकी कई वजहें हैं. दरअसल, इस वर्ल्ड कप में टीम इंडिया किसी एक, दो या तीन खिलाड़ी पर निर्भर नहीं है. भारत के लिए अब तक, रोहित शर्मा, शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, मोहम्मद शमी, रवींद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह ने धमाकेदार प्रदर्शन किया है. वहीं मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और सूर्यकुमार यादव भी बेहतरीन लय में हैं. वहीं ऑस्ट्रेलिया की बात करें तो स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, मिचेल स्टार्क और मार्कस स्टोइनिस खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं. वहीं कप्तान पैट कमिंस भी गेंदबाजी में काफी फीके दिखे हैं।
पिच रिपोर्ट मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक फाइनल मुकाबला नरेंद्र मोदी स्टेडियम की काली मिट्टी वाली पिच पर खेला जाएगा. ये वही पिच है जो भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए लीग मुकाबले में इस्तेमाल की गई थी. इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से रौंदा था. ऐसे माना जा रहा है कि ओस का प्रभाव रहेगा. इस कारण टॉस जीतने वाली टीम पहले बैटिंग का फैसला कर सकती है।
मैच प्रिडिक्शन भारतीय टीम ने लीग स्टेज में ऑस्ट्रेलिया को 6 विकेट से शिकस्त दी थी. वहीं टीम इंडिया टूर्नामेंट में अब तक अपराजित रही है. ऐसे में हमारा प्रिडिक्शन मीटर यही कहता है कि फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया का पलड़ा भारी होगी. भारतीय टीम बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग, तीनों डिपार्टमेंट में पूरे टूर्नामेंट में बेहद ही शानदार दिखी है. इस मैच में भी टीम इंडिया की जीत के पूरे आसार हैं।
इस बीच देखा जाए तो अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल स्पोर्ट्स एन्क्लेव के भीतर स्थित क्रिकेट स्टेडियम में 132,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता है. इस क्षमता के हिसाब से यह स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट मैदान में शुमार है. क्रिकेट की दो दिग्गज टीमें भारत और ऑस्ट्रेलिया इस मैदान पर अपनी जीत का परचम लहराने को फाइनल मुकाबले में भिड़ने का तैयार हैं।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन- रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज/आर अश्विन।
ऑस्ट्रेलिया की संभावित प्लेइंग इलेवन- ट्रेविस हेड, डेविड वॉर्नर, मिशेल मार्श, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, एडम जाम्पा और जोश हेजलवुड।















