नईदिल्ली (ए)। खेलों के महाकुंभ यानी ओलिंपिक का आगाज शुक्रवार से तोक्यो में होगा. कोरोना महामारी के बीच हो रहे इस आयोजन में उत्साह और उमंग की जगह डर व तनाव का माहौल है, लेकिन अच्छी बात यह है कि भारतीय दल सफलता का नया इतिहास रच सकता है. आठ अगस्त तक चलनेवाले इन खेलों में पहली बार दोहरे अंक में पदक जीतने की उम्मीद भारतीय दल से है. ओलिंपिक में भारत का अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन लंदन ओलिंपिक 2012 में था, जब भारतीयों ने छह पदक जीते थे।
यहां देख सकेंगे लाइव
- तोक्यो के नेशनल स्टेडियम में शाम 4.30 बजे होगा उद्घाटन
- प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जायेगा
- डीडी स्पोर्ट्स पर भी देख सकते हैं
- सोनी लिव एप पर भी ओलंपिक का मेैच लाईव देख सकते है।
उद्घाटन के लिए नेशनल स्टेडियम तैयार
शुक्रवार को तोक्यो ओलिंपिक का उद्घाटन नेशनल स्टेडियम में होगा. इसके लिए स्टेडियम पूरी तरह से तैयार है. पहली बार 1958 में यह स्टेडियम खुला था और फिर इसे 2014 में बंद कर दिया गया. दो साल के बाद यानी साल 2016 से इस स्टेडियम को फिर से तैयार किया गया है. 1964 में इस स्टेडियम ने पहली बार ओलिंपिक की मेजबानी की थी।
स्वर्ण पदक विजेता को 75 लाख रुपये देगा आइओए
इस वर्ष की ओलिंपिक शपथ होगी अलग
ओलिंपिक शपथ उद्घाटन समारोह का सबसे महत्वपूर्ण और प्रतीकात्मक भाग होता है. तोक्यो 2020 खेलों की ओलिंपिक शपथ को एकजुटता, समावेश और समानता को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है. इस बार शपथ लेनेवाले व्यक्तियों की संख्या तीन से छह कर दी गयी है, जिसमें दो खिलाड़ी, दो कोच और दो जज शामिल हैं।
उद्घाटन का थीम होगा यूनाइटेड बाइ इमोशन
तोक्यो 2020 पिछले कई वर्षों में आयोजित ओलिंपिक खेलों से बहुत अलग होंगे, क्योंकि यह एक महामारी का सामना करते हुए खेले जायेंगे और यह मानवता के लिए पहले कभी न देखी गयी चुनौती है. इसी कारण से तोक्यो 2020 चाहता है कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन के माध्यम से सभी लोगों में वह उत्सुकता, उल्लास और कभी निराशा एक साथ अनुभव होगा।
पहली बार ओलिंपिक में खास
- चार नये खेल ओलिंपिक में जोड़े गये हैं, जिनमें सर्फिंग, स्केटबोर्डिंग, स्पोर्ट्स क्लाइंबिंग, कराटे शामिल हैं।
- टेबल टेनिस में पहली बार मिक्स्ड डबल्स के मुकाबले होंगे।
- जूडो खेल 1964 ओलिंपिक में आ गया था, लेकिन इस बार मिक्स्ड टीम इवेंट होंगे।
- इस साल स्वीमिंग में एक नया बदलाव लाया गया है. 800 मीटर की रेस को पुरुषों के इवेंट में शामिल किया गया है, जबकि 1,500 फ्रीस्टाइल इवेंट महिला प्रतियोगिता में शामिल हुई है।
- रियो ओलिंपिक में वॉटर पोलो में आठ महिला टीमों ने भाग लिया था. इस बार महिलाओं की दो नयी टीमों के साथ संख्या 10 होंगी।
- 2020 टोक्यो ओलिंपिक में कयाक खेल में भी महिलाओं के तीन इवेंट बढ़ा कर पुरुष खेलों से तीन इवेंट कम कर दिये गये है. महिलाओं के इवेंट में कयाक सिंगल 200 मीटर, कयाक डबल्स 500 मीटर इवेंट को जोड़ा गया है।
- रोइंग खेल में पुरुषों के हल्के चार इवेंट को 2020 ओलिंपिक से हटा दिया गया है, जबकि महिलाओं के चार इवेंट्स जोड़े गये हैं. 1966 के बाद ओलंपिक रोइंग कार्यक्रम में यह पहला बदलाव है।
- पहली बार अर्चरी में मिक्स्ड टीम इवेंट भी शामिल किया गया है।
- बॉक्सिंग में महिला खिलाड़ियों की संख्या को तीन से बढ़ा कर पांच कर दिया है, जबकि पुरुष खिलाड़ियों की संख्या 10 से आठ कर दी गयी है।















