आईपीएल 2024 के लिए दुबई में ऑक्शन का आयोजन हुआ. इस नीलामी में कुल 72 खिलाड़ी बिके. ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क सबसे महंगे रहे…
नईदिल्ली (ए)। आईपीएल 2024 की नीलामी खत्म हो गई है. इस बार की नीलामी में कुल 72 खिलाड़ी बिके. इसमें ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क सबसे महंगे रहे. स्टार्क को कोलकाता नाइट राइडर्स ने 24.75 करोड़ रुपये में खरीदा. वहीं पैट कमिंस दूसरे सबसे महंगे खिलाड़ी रहे. कमिंस को सनराइजर्स हैदराबाद ने 20.50 करोड़ रुपये में खरीदा. नीलामी में हर्षल पटेल सबसे महंगे खिलाड़ी रहे. उन्हें पंजाब किंग्स ने 11.75 करोड़ में खरीदा. यूपी के लिए खेलने वाले समीर रिजवी सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी रहे. समीर को चेन्नई सुपर किंग्स ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा।
नीलामी के अंतिम राउंड में दक्षिण अफ्रीका के नांद्रे बर्गर को राजस्थान रॉयल्स ने 50 लाख रुपये में खरीदा. वहीं भारत के अनकैप्ड खिलाड़ी साकिब हुसैन को केकेआर ने 20 लाख में खरीदा. इसके अलावा अरावले अवनीश को चेन्नई ने 20 लाख में खरीदा. वहीं स्वप्निल सिंह को पंजाब ने 20 लाख और शिवालिक शर्मा को मुंबई ने 20 लाख में अपनी टीम में शामिल किया।
अंतिम राउंड में वेस्टइंडीज के विकेटकीपर बल्लेबाज शाई होप भी बिक गए. होप को दिल्ली कैपिटल्स ने 75 लाख रुपये में खरीदा. वहीं मुंबई इंडियंस ने अफगानिस्तान के ऑलराउंडर को 1.5 करोड़ रुपये में खरीदा. अफगानिस्तान के मिस्ट्री स्पिनर मुजीब उर रहमान को अंतिम राउंड में कोलकाता नाइट राइडर्स ने दो करोड़ रुपये में खरीदा. वहीं पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस के लिए खेलने वाले अरशद खान को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 लाख रुपये में खरीदा।
दक्षिण अफ्रीका के तूफानी बल्लेबाज रिली रोसो को नीलामी के अंतिम राउंड में पंजाब किंग्स ने आठ करोड़ में खरीदा. दिल्ली कैपिटल्स ने भी इस खिलाड़ी को खरीदने की भरपूर कोशिश की, लेकिन पर्स में ज्यादा पैसे होने की वजह से पंजाब ने बाजी मार ली. नीलामी के अंतिम चरण में कोलकाता नाइट राइडर्स ने मनीष पांडे को उनके बेस प्राइज 50 लाख रुपये में खरीदा. वहीं करुण नायर अनसोल्ड रहे।
झारखंड के विकेटकीपर बल्लेबाज रॉबिन मिंज के लिए कई टीमों ने बोली लगाई. हालांकि, अंत में गुजरात टाइटंस ने 20 लाख रुपये बेस प्राइज वाले इस खिलाड़ी को 3.60 करोड़ रुपये में खरीदा. एक्सेलरेटर राउंड में कई खिलाड़ी बिके. इसमें युवा अनकैप्ड खिलाड़ी अंशुल कंबोज को मुंबई इंडियंस ने खरीदा. वहीं आशुतोष शर्मा अपने बेस प्राइज 20 लाख रुपये में बिके. उन्हें पंजाब किंग्स ने खरीदा. इसके अलावा पंजाब किंग्स ने विश्वनाथ सिंह और तनय त्यागराजन को उनके बेस प्राइज 20 लाख में खरीदा।
श्रीलंका के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा पर मुंबई इंडियंस ने बड़ा दांव लगाया. 50 लाख बेस प्राइज वाले इस खिलाड़ी को मुंबई ने 4.80 करोड़ की मोटी रकम में खरीदा. वहीं मुंबई ने अनकैप्ड ऑलराउंडर नमन धीर को भी 20 लाख रुपये में खरीदा. नीलामी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों का बोलबाला जारी है. स्पेंसर जॉनसन को जहां गुजरात टाइटंस ने 10 करोड़ में खरीदा. वहीं झाय रिचर्डसन को दिल्ली कैपिटल्स ने 5 करोड़ रुपये में खरीदा।
ऑस्ट्रेलिया के लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन ऑक्शन में 10 करोड़ में बिके. जॉनसन का बेस प्राइज 50 लाख रुपये था. दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच उनके लिए जबरदस्त बिडिंग वॉर हुई. आखिरी राउंड में भी कई बड़े खिलाड़ी अनसोल्ड रहे. इस बीच इंग्लैंड के बॉलिंग ऑलराउंडर डेविड विली को लखनऊ सुपर जायंट्स ने 2 करोड़ रुपये में खरीदा।















