आईपीएल 2023 सीजन की शुरुआत 31 मार्च से होने जा रही है जिसके ठीक पहले सभी टीमों के कप्तानों ने ट्रॉफी के साथ फोटो शूट कराया इस दौरान मुंबई के कप्तान रोहित नदारद थे…
अहमदाबाद (ए)। आईपीएल 2023 सीजन का आगाज होने में अब कुछ ही घंटे से भी कम का समय बचा है और अभी से क्रिकेट फैंस के बीच में इसका खुमार साफतौर पर देखने को मिल सकता है. इसी बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में सीजन का आगाज होने से ठीक 1 दिन पहले सभी टीमों के कप्तानों की ट्रॉफी के साथ फोटो खींची गई लेकिन इस दौरान मुंबई इंडियंस टीम के कप्तान रोहित शर्मा इस फोटो शूट से नदारद दिखाई दिए।
इस बार आईपीएल सीजन का पहला मुकाबला गतविजेता गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच में खेला जाएगा. इस फोटो शूट को लेकर बात की जाए तो उसमें सनराइजर्स हैदराबाद टीम की तरफ से कप्तान एडिन मार्करम जो अभी भारत नहीं पहुंचे हैं उनकी अनुपस्थिति में टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार शामिल हुए वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के नए कप्तान नितीश राणा भी फोटो शूट के दौरान दिखाई दिए।
मुंबई इंडियंस को लेकर बात की जाए तो यह अभी पूरी तरह से साफ नहीं हो सका है कि कप्तान रोहित शर्मा इस फोटो शूट में क्यों शामिल नहीं हुए. वहीं टीम को आगामी सीजन में अपना पहला मुकाबला 2 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलना है।
पिछले सीजन में अंतिम पायदान पर मुंबई इंडियंस ने किया था खत्म
आईपीएल के पिछले सीजन में मुंबई इंडियंस टीम के प्रदर्शन को लेकर बात की जाए तो वह काफी निराशाजनक देखने को मिला था, जिसमें टीम 14 मुकाबले खेलने के बाद सिर्फ 4 में ही जीत हासिल करने में कामयाब हो सकी थी. आईपीएल इतिहास की सबसे सफल टीम मुंबई इंडियंस से इस सीजन सभी फैंस को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है लेकिन टीम जसप्रीत बुमराह के बिना ही मैदान पर खेलने उतरेगी।









