नईदिल्ली (ए)। इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन के लिए चेन्नई में ऑक्शन हुआ। आईपीएल की इस नीलामी में कुल 57 खिलाड़ी बिके, जिसमें से 22 विदेशी प्लेयर रहे। क्रिस मौरिस ने ऑक्शन में सभी रिकॉर्ड तोड़े और आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने। मौरिस को राजस्थान रॉयल्स की टीम ने 16.25 करोड़ में खरीदा। मौरिस के अलावा, न्यूजीलैंड के उभरते ऑलराउंडर काइल जेमीसन और ग्लेन मैक्सवेल पर भी जमकर पैसों की बरसात हुई। जेमीसन और मैक्सवेल दोनों को ही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम ने खरीदा। वहीं, हरभजन सिंह पहली बोली में ना बिकने के बाद दूसरी बोली में कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम में गए। महान बललेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को मुंबई इंडियंस की टीम ने उनके बेस प्राइस पर खरीदा।
आईपीएल के इस ऑक्शन में कई नाम ऐसे भी रहे, जिनके ऊपर उम्मीद से कम बोली लगी। भारत के तेज गेंदबाज उमेश यादव को दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने उनके बेस प्राइस 1 करोड़ में ही खरीदा, जबकि आरोन फिंच, जेसन रॉय जैसे खिलाड़ियों को कोई खरीददार नहीं मिल सका। साल 2014 के बाद चेतेश्वर पुजारा को आईपीएल में नई टीम मिली। पुजारा को चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने 50 लाख के बेस प्राइस पर खरीदा। कोलकाता नाइटराइडर्स ने ऑक्शन के आखिरी राउंड में समझदारी दिखाते हुए करुण नायर और बेन कटिंग जैसे धाकड़ खिलाड़ियों को उनके बेस प्राइस पर ही अपनी टीम में शामिल किया। पंजाब किंग्स की टीम ने तेज गेंदबाज झाय रिचर्ड्स के लिए 14 करोड़ रुपए खर्च किए।
आईपीएल के इतिहास में यह पहला मौका रहा जब चार खिलाड़ी 14 करोड़ या उससे ज्यादा की रकम में बिके। अनकैप्ड खिलाड़ी कृष्णप्पा गौतम पर भी टीमों ने बड़ी बोली लगाई और आखिर में चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने उनको 9.25 करोड़ देकर अपनी टीम में शामिल किया। गौतम आईपीएल के इतिहास में बिकने वाले सबसे महंगे अनकैप्ड प्लेयर रहे। पंजाब किंग्स की टीम ने तमिलनाडु के युवा खिलाड़ी शाहरुख खान पर भी बड़ा दांव खेला और उनको 5.25 करोड़ में टीम में शामिल किया। इसके अलावा, चेतन साकारिया को राजस्थान रॉयल्स ने 1.2 करोड़ में खरीदा। पीयूष चावला को मुंबई इंडियंस ने और केदार जाधव को सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने खरीदा।















