दुर्ग। दिनांक 19.04.2026 को प्रार्थी परदेशी राम निर्मलकर, उम्र 55 वर्ष, निवासी नयापारा दुर्ग द्वारा थाना सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसके पुत्र हेमंत निर्मलकर पर दिनांक 18.04.2026 को रात्रि लगभग 22:00 बजे उतई तिराहा स्थित टेम्पो स्टैण्ड के पास आरोपी द्वारा जान से मारने की नियत से धारदार हथियार से हमला किया गया।
प्रार्थी के अनुसार आरोपी अंकित सिन्हा को अपनी पत्नी के संबंधों को लेकर संदेह था तथा इसी कारण वह हेमंत निर्मलकर के प्रति रंजिश रखता था। घटना में घायल को तत्काल जिला अस्पताल एवं बाद में शंकरा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 198/2026 धारा 109 बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अंकित सिन्हा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार किया।
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार जप्त कर विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
आरोपी का नाम: अंकित सिन्हा, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम बोरतरा थाना गुरूर जिला बालोद, हाल निवासी मांढर जिला रायपुर।
















