भिलाई 3। भिलाई-चरौदा प्रशासनिक अमले को निरंतर मिल रही जानकारी के आधार पर अवैध कब्जा हटाने की कार्यवाही एकता नगर भिलाई-03 में पूरी की गयी। यहां बता दे कि निगम आयुक्त अजय त्रिपाठी द्वारा इस विषय पर गंभीरता से कार्यवाही करने के लिए लोक निर्माण विभाग के प्रभारी भवन अधिकारी को निर्देशित किया था। जिसके उपरांत स्थल पर पहुंचने पर यह पाया गया कि शासकीय जमीन पर सीमेंट के पोल गाडकर तथा घेराबंदी कर बड़े भू भाग पर कब्जा किया जा रहा था। साथ ही मुरूम डालकर जमीन को प्लाट का स्वरूप देने की भी कोशिश की जा रही थी। निगम दल को हुई जानकारी के पश्चात सीमेंट के खंभे एव अन्य अतिक्रमण उखाड़ दिये गये तथा संबंधित को नोटीस जारी कर दिया गया है।
अवैध प्लाटिंग के विरुद्ध कार्यवाही के दौरान कोई भी मौके पर मौजूद नहीं हुआ। अनेक स्थानों पर निगम द्वारा निरंतर ऐसी कार्यवाही से भू-माफियाओं के हौसले पस्त हो रहे है। कलेक्टर दुर्ग पुष्पेन्द्र कुमार मीणा द्वारा समय सीमा की प्रत्येक बैठक में नगरीय निकायों को अवैध रूप से जमीन पर कब्जा करने वालों, खेतिहर किसानों, गरीबों की जमीन हडप करने वालो के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही करने निर्देश प्रदान किये है। भिलाई-चरौदा निगम आयुक्त ने कार्यवाही के उपरांत बताया कि उनके द्वारा सभी उप अभियंता एवं वार्ड प्रभारी सहायक राजस्व निरीक्षक को अपने वार्ड में हो रहे अवैध प्लाटिंग, अतिक्रमण, बेजा कब्जा की जानकारी से प्रतिदिन अवगत कराने निर्देश जारी किये गये है।
ऐसी कार्यवाही लगातार जारी रहेगी, निगम प्रशासन क्षेत्र के नागरिकों से अपील करता है कि भिलाई-चरौदा के 40 वार्डो में कही भी किसी भी भू माफिया द्वारा किये जा रहे अवैध अतिक्रमण, अवैध प्लाटिंग की जानकारी से निगम के सहायक राजस्व निरीक्षक वार्ड के उपअभियंता को बिना किसी भय के सूचित करे। सूचना दाता का नाम गोपनीय रखते हुये जनहित में कब्जा बेदखल करने की कार्यवाही की जायेगी। इस कार्यवाही के दौरान किसी भी जनप्रतिनिधि वार्ड पार्षद अथवा गणमान्य नागरिक द्वारा कब्जा बेदखली की कार्यवाही के दौरान आपत्ति नही की गई।
निगम की कार्यवाही पूर्णत शांतिपूर्ण रही। किसी भी प्रकार का अवरोध उत्पन्न नहीं हुआ। उप अभियंता मुकेश रात्रे, सहायक अभियंता देवेन्द्र पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता सुनील जैन ने उपस्थित रहकर निगम के जे.सी.बी. वाहन से कब्जा निर्मूलन कराया गया।















