BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

अरविंद केजरीवाल को मिले CBI के समन पर बोले अन्ना हजारे- इंक्वायरी में दोष निकले तो पनिशमेंट मिलना चाहिए

समाजसेवी अन्ना हजारे ने दिल्ली आबकारी घोटाला मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सीबीआई से समन मिलने पर अपनी राय जाहिर की है…

नईदिल्ली (ए)। समाजसेवी अन्ना हजारे ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को सीबीआई की ओर से समन मिलने पर प्रतिक्रिया दी है. सीएम केजरीवाल को दिल्ली के आबकारी नीति घोटाला मामले में सीबीआई ने समन भेजा है. रविवार 16 अप्रैल को उनसे पूछताछ की जानी है. उससे पहले शनिवार 15 अप्रैल मीडिया से बातचीत के दौरान अन्ना हजारे ने कहा कि सीबीआई की जांच में अगर केजरीवाल दोषी निकले तो उन्हें सजा मिलनी चाहिए।

जब मीडिया ने केजरीवाल को मिले सीबीआई के समन के संबंध में अन्ना हजारे की प्रतिक्रिया लेनी चाही तो उन्होंने कहा, ”मैंने तो एक लेटर लिखा था उनको (अरविंद केजरीवाल) कि ये शराब के बारे में क्यों हम सोचते हैं, अच्छी बातें सोचो, पैसे के लिए कुछ भी करना है? ये ठीक नहीं है. शराब ने किसी का भला किया है, ऐसा तो होता नहीं. क्यों हम लोग उसके पीछे।”

उन्होंने कहा, ”अभी सीबीआई को दोष दिखाई दे रहा होगा तो इन्क्वायरी करना चाहिए.” इसी के साथ हजारे ने कहा, ”अगर इंक्वायरी में कोई दोष निकल गया तो उनको (केजरीवाल) पनिशमेंट (सजा) मिलना चाहिए।”

अन्ना हजारे ने आगे कहा, “रामलीला मैदान के हमारे आंदोलन से आम आदमी पार्टी का जन्म हुआ, भले ही इसका आंदोलन से जन्म हुआ है, लेकिन उस रास्ते (भ्रष्टाचार) से हमें नहीं जाना है. अलग से जाना है. शुद्धता के साथ, हमारे आचार-विचार शुद्ध हों।”

अन्ना हजारे ने कहा, ” उस वक्त जब ये मेरे साथ में थे एक ऐसा दिन नहीं बीता होगा कि जब मैंने कितनी बार कहा, मैं बताता गया कि आचार को शुद्ध रखो, विचार को शुद्ध रखो, जीवन निष्कलंक रखो, बुराई का ऐसा दाग नहीं होना चाहिए. मुझे बड़ा दुख होता है कि सिसोदिया जैसा व्यक्ति जेल में है. जेल में जाओ, लेकिन समाज और देश की भलाई के लिए, खुद की भलाई के लिए नहीं।” 

बता दें कि शनिवार को सीएम केजरीवाल और बीजेपी नेताओं के बीच वार-पलटवार देखा गया. एक तरफ ‘आप’ संयोजक केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीबीआई के समन और घोटाला मामले के संबंध में अपना पक्ष रखा तो वहीं बीजेपी की ओर से भी प्रेस वार्ता कर आरोप लगाया गया है कि केजरीवाल की बौखलाहट सामने आ रही है.

अरविंद केजरीवाल ने यहां तक कहा कि अगर वह ‘भ्रष्ट’ हैं तो फिर दुनिया में कोई ‘ईमानदार’ नहीं है. केजरीवाल ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कानून प्रवर्तन एजेंसियों- सीबीआई और ईडी की जांच पर सवाल खड़े किए, साथ ही प्रधानमंत्री पर भी हमला बोला. सीएम केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी नेता उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं और अगर पार्टी ने जांच एजेंसी को गिरफ्तार करने का ऑर्डर दिया है तो वह ऐसा करने से मना नहीं कर सकती है।

गौरतलब है कि दिल्ली सरकार की 2021-22 की आबकारी नीति में कथित तौर पर शराब व्यापारियों को लाइसेंस देने के लिए कुछ डीलरों को फायदा पहुंचाया गया था. आरोप है कि इसके एवज में रिश्वत ली गई थी. आम आदमी पार्टी इन आरोपों का खंडन करती आ रही है. बाद में दिल्ली सरकार ने 2021-22 की आबकारी नीति वापस ले ली थी।

Related Posts