
नईदिल्ली (ए)। अमेरिकी चुनाव में हुई हार को स्वीकारने के लिए डोनाल्ड ट्रंप तैयार नहीं है और अब उनके समर्थकों ने बुधवार को कैपिटल बिल्डिंग में ऐसा हंगामा किया कि इस हिंसा से एक महिला की मौत हो गई। यह हंगामा ऐसे समय में हुआ जब यहां नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडेन को चुनाव जीतने का सर्टिफिकेट दिया जाना था। चुनावी नतीजों को लेकर डोनाल्ड ट्रंप के भाषण के बाद अमेरिका के कैपिटल परिसर के बाहर ट्रंप के समर्थकों और पुलिस के बीच हिंसक झड़प हुई। हिंसा के बाद अब माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर ने ट्रंप का अकाउंट न सिर्फ 12 घंटों के लिए बंद कर दिया बल्कि नियमों का उल्लंघन जारी रहने पर हमेशा के लिए ट्रंप को ब्लॉक करने की चेतावनी भी दी। वहीं, नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस हिंसा को राजद्रोह बताया है।
बुधवार को ट्विटर ने ट्रंप से अपने वे तीन ट्वीट हटाने को कहा जो नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। ट्विटर सेफ्टी टीम की ओर से कहा गया, ’12 घंटे के लिए ट्रंप के अकाउंट को लॉक किया गया है और अगर आपत्तिजनक ट्वीट नहीं हटाए गए तो यह हमेशा के लिए बंद रहेगा।’ ट्विटर सेफ्टी टीम ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘वॉशिंगटन डी.सी. में जारी हिंसा की वजह से हमें डोनाल्ड ट्रंप के तीन ट्वीट हटाने पड़ रहे हैं, जिन्हें आज पोस्ट किया गया था। ये ट्वीट हमारी सिविक इंटिग्रिटी पॉलिसी का गंभीर रूप से उल्लंघन करते हैं।’
जो बाइडन ने हिंसा को बताया राजद्रोह
नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जो बाइडन ने इस हिंसा को राजद्रोह बताते हुए भीड़ से तुरंत लौटने को कहा। उन्होंने कहा कि भीड़ वापस लौटे और लोकतंत्र को काम करने दे। बाइडन ने कहा, ‘इससे फर्क नहीं पड़ता कि राष्ट्रपति अच्छा है या बुरा लेकिन एक राष्ट्रपति के शब्द मायने रखते हैं। अच्छा यह कि वह लोगों को प्रेरित कर सकता है और बुरा यह कि वह लोगों को उकसा सकता है। मैं राष्ट्रपति ट्रंप से कह रहा हूं कि अभी नेशनल टेलिविजन पर आकर अपनी शपथ पूरी करें, संविधान की रक्षा करें और इस घेराबंदी को समाप्त करने की मांग करें।
कब शुरू हुई हिंसा?
जब जो बाइडन की जीत को प्रमाणित करने के लिए सांसद संसद के संयुक्त सत्र के लिए कैपिटल के भीतर बैठे थे, तभी यूएस (अमेरिका) कैपिटल पुलिस ने इसके भीतर सुरक्षा के उल्लंघन की घोषणा की। ट्रंप समर्थक कैपिटल बिल्डिंग में घुस गए और हंगामा करने लगे। इसके चलते कांग्रेस को मजबूरन अपनी कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। कैपिटल के बाहर पुलिस और ट्रंप समर्थकों के बीच झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों ने कैपिटल की सीढ़ियों के नीचे लगे अवरोधक तोड़ दिए। कैपिटल पुलिस ने बताया कि इलाके में एक संदिग्ध पैकेट भी मिला है।
ट्रंप ने भाषण में क्या कहा?
डोनाल्ड ट्रंप ने संसद का संयुक्त सत्र शुरू होने से ठीक पहले कहा कि वह चुनाव में हार को स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसमें धांधली हुई है और यह धांधली उनके डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी जो बाइडन के लिए की गई, जो नवनिर्वाचित राष्ट्रपति हैं। ट्रंप ने वाशिंगटन डीसी में अपने हजारों समर्थकों को संबोधित करते हुए कहाकि जब धांधली हुई हो तब आपको अपनी हार स्वीकार नहीं करनी चाहिए। ट्रंप ने एक घंटे से अधिक के अपने भाषण में दावा किया कि उन्होंने इस चुनाव में शानदार जीत हासिल की है।









