BREAKING

खास खबरदेश-दुनियाफीचर्ड

अभेद्य किले में बदली अयोध्या: पीएम मोदी पहुंचे ध्वजारोहण करने, SPG-ब्लैक कैट कमांडो और 30 हजार जवान तैनात

आयोजन के दौरान अयोध्या समेत प्रदेश के अन्य जिलों से लगभग 30 हजार जवान तैनात किए गए हैं। पीएम की सुरक्षा में पहला घेरा एसपीजी का होगा। यह जवान पी-90 सब मशीनगन और ग्लॉक 17-19 जैसे आधुनिकतम असलहों से लैस होंगे…

 

 

 

अयोध्या (ए)। ध्वजारोहण समारोह में आज आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सुरक्षा घेरा अभेद्य कर दिया गया है। नभ, थल और जल तीनों मार्गों को अलर्ट किया गया है। समूची अयोध्या को सील कर दिया गया है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस का सख्त पहरा है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को राम मंदिर पर ध्वज पताका फहराएंगे। इस पहले वह साकेत महाविद्यालय से राम मंदिर तक रोड शो करेंगे। इस कारण सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। जिले की सीमाएं पहले से सील की गई हैं। सोमवार सुबह से ही अयोध्या धाम की सीमाएं सील कर दी गई हैं। बिना पास के किसी को प्रवेश नहीं मिल रहा है।

उदया चौराहे से ही रामपथ पर दोनों तरफ बैरिकेडिंग की गई है। रामपथ से जुड़ी सभी गलियों को सील किया गया है। रोड शो मार्ग के दोनों तरफ स्थित मकानों के छतों पर सशस्त्र जवान तैनात किए गए हैं। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से चप्पे-चप्पे की निगरानी की जा रही है। पीएम का पांच स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाने के लिए एटीएस और एनएसजी के लगभग 600 कमांडो ने डेरा डाल दिया है।

सोमवार को इन जवानों ने रोड शो से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था का रिहर्सल किया है। आयोजन के दौरान अयोध्या समेत प्रदेश के अन्य जिलों से लगभग 30 हजार जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार पीएम की सुरक्षा में पहला घेरा एसपीजी का होगा। यह जवान पी-90 सब मशीनगन और ग्लॉक 17-19 जैसे आधुनिकतम असलहों से लैस होंगे।

इसके बाद एनएसजी के खतरनाक ब्लैक कैट कमांडो होंगे। इन्हीं के साथ एटीएस और अन्य कमांडो तैनात रहेंगे। इसके बाद अर्द्धसैनिक बल व आखिरी लेयर में पुलिस के जवान होंगे। इन जवानों की अनुमति के बिना यहां परिंदा भी पर नहीं मार सकेगा। हाईवे व शहर के अन्य प्रवेश मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई है। लगभग हर सौ मीटर पर जवान तैनात किए गए हैं।

एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि सुरक्षा का मजबूत खाका तैयार किया गया है। नयाघाट पर स्थित फ्लोटिंग कंट्रोल रूम से जलमार्ग पर भी नजर रखी जा रही है। जियो फेंसिंग के जरिये इस मार्ग में होने वाली हर गतिविधि की निगरानी की जा रही है।

मंगलवार को चार घंटे का उनका अयोध्या प्रवास होगा। पीएम विशेष विमान से एयरपोर्ट पर उतरने के बाद हेलीकाॅप्टर से साकेत कॉलेज के हेलीपैड पर आएंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से रोड शो करते हुए राम मंदिर जाएंगे। पीएम के आगमन को देखते हुए एसपीजी ने सुरक्षा की कमान अपने हाथों में संभाली ली है। ड्रोन से निगरानी की जा रही है। रामनगरी में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।

राम मंदिर के ध्वजारोहण समारोह में शामिल होने के लिए पीएम मोदी मंगलवार को सुबह 9.30 बजे विशेष विमान से महर्षि वाल्मिकी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि व भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी उनका स्वागत करेंगे। शासन और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। पीएम एयरपोर्ट से हेलाकाॅप्टर से साकेत कॉलेज परिसर में बनाए गए हेलीपैड पर आएंगे। हेलीपैड से पीएम का काफिला रामपथ पर रोड शो करते हुए जगद्गुरु आदि शंकराचार्य द्वार से राम मंदिर में प्रवेश करेगा।

Related Posts