दिल्ली शराब नीति मामले में सीबीआई की ओर से गिरफ्तार किए गए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं…
नईदिल्ली (ए)। दिल्ली शराब नीति मामले में सीबीआई की ओर से गिरफ्तार किए गए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं. दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बुधवार को अरविंद केजरीवाल को 3 दिन की सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है।
सीबीआई को 29 जून की शाम 7 बजे से पहले आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को कोर्ट में दोबारा पेश करना होगा. सीबीआई ने राउज एवेन्यू कोर्ट में अरविंद केजरीवाल की पांच दिनों की हिरासत मांगी थी. कोर्ट ने उन्हें तीन दिन की रिमांड पर भेजा है।
कोर्ट ने रिमांड के दौरान अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल से रोज 30 मिनट की मुलाकात कराने के भी निर्देश दिए हैं. इसके साथ ही AAP नेता को रोज 30 मिनट अपने वकील से मिलने का भी समय दिया गया है. रिमांड के दौरान कोर्ट ने केजरीवाल को उनकी दवाईयां और घर से बने खाना दिए जाने के भी निर्देश दिए हैं।
कोर्ट में सुनवाई के दौरान बुधवार को आप नेता अरविंद केजरीवाल की तबीयत बिगड़ गई थी. इसके बाद सामने आया कि केजरीवाल का शुगर लेवल डाउन हो गया था. इसके बाद उन्हें दूसरे रूम में बैठाया गया. साथ ही उन्हें चाय और बिस्कुट खाने को दिया गया. इस दौरान केजरीवाल के साथ उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल भी कोर्ट रूम में मौजूद थीं।
सीबीआई ने अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर कहा कि अगर दिल्ली के सीएम को सुप्रीम कोर्ट की ओर से मिली अंतरिम जमानत के समय ही गिरफ्तार कर लिया जाता तो इससे माननीय कोर्ट के आदेश पर गलत संदेश जाता. सीबीआई ने कहा कि इसी के चलते केजरीवाल को उस समय गिरफ्तार नहीं किया गया।
















